सूरत : सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर में जिम्मेदार ड्राइविंग, यातायात नियमों और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
इको भारत और मणिपाल पेट्रोलियम की पहल, यातायात नियमों का पालन करने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट को अनिवार्य रूप से अपनाने का आह्वान किया
रविवार को इको भारत और मणिपाल पेट्रोलियम के संयुक्त तत्वावधान में शहर में नए इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के उद्घाटन के उपलक्ष्य में भव्य सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य ईंधन सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ समाज में जिम्मेदार ड्राइविंग की संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एम नागराजन (आईएएस), सूरत महानगरपालिका आयुक्त, मनुभाई पटेल (उधना विधायक), इंडियन ऑयल सूरत समन्वयक अजय प्रताप सिंह तथा मणिपाल पेट्रोलियम की एमडी डॉ. हेमा राउत द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर कई गणमान्य नागरिक और सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में आयुक्त ने कहा कि शहर के बुनियादी ढांचे के साथ नागरिकों की सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है और इस दिशा में यह पहल सराहनीय है। विधायक ने युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट को अनिवार्य रूप से अपनाने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी देते हुए यातायात संकेतों, जेब्रा क्रॉसिंग और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व पर प्रकाश डाला। पेट्रोल पंप परिसर में मोबाइल फोन का उपयोग न करने और इंजन बंद रखने जैसी सावधानियों का लाइव डेमो भी दिया गया। कार्यक्रम में आए वाहन चालकों को रिफ्लेक्टिव स्टिकर और सड़क सुरक्षा मार्गदर्शिका वितरित की गई।
इको भारत की ओर से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया। मणिपाल पेट्रोलियम के निदेशक महेंद्र राउत ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन शैली है और लक्ष्य दुर्घटना-मुक्त भारत का निर्माण करना है। वहीं इको भारत के संस्थापक सम्पत सारस्वत बामनवाली ने बताया कि संस्था का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के लिए सकारात्मक प्रयास करना है।
इस संयुक्त पहल ने यह संदेश दिया कि कॉर्पोरेट जगत और प्रशासन मिलकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। नए पेट्रोल पंप के साथ यह स्थान अब सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग के जागरूकता केंद्र के रूप में भी पहचाना जाएगा। शिविर में नवरत्न ओझा, अरुण सिंह और रोहित अलवानी ने भी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
