सूरत : अग्रवाल विद्या विहार महाविद्यालय में “बजट टॉक ऐट कैंपस” का आयोजन
केंद्रीय बजट 2026 के प्रावधानों, डिजिटल शिक्षा, शोध व महिला सशक्तिकरण पर विशेषज्ञों ने दी विस्तृत जानकारी
अग्रवाल विद्या विहार अंग्रेजी माध्यम महाविद्यालय, वेसू, सूरत में “बजट टॉक ऐट कैंपस” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को केंद्रीय बजट 2026 के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देश की आर्थिक नीतियों और विकास की दिशा से परिचित कराना है।
मुख्य वक्ता डॉ. श्रीनिवास राव ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष का बजट “विकसित भारत 2047” की परिकल्पना पर आधारित है, जिसका लक्ष्य 2047 तक भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाना है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल लर्निंग, शोध एवं नवाचार के लिए किए गए विशेष प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता में समानता लाने के लिए डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया है। उच्च शिक्षण संस्थानों में अनुसंधान को बढ़ावा देने हेतु विशेष निधि का प्रावधान किया गया है तथा विश्वविद्यालयों में स्टार्टअप गतिविधियों, नवीन पाठ्यक्रमों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रोत्साहन देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। बजट में महिला शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए छात्रवृत्ति में वृद्धि, उच्च शिक्षा के लिए सरल ऋण सुविधा और छात्रावासों के विस्तार की योजनाएं भी शामिल हैं।

कार्यक्रम में सीए राहुल अग्रवाल, वाइस चेयरमैन, सूरत सीए इंस्टिट्यूट ने केंद्र एवं गुजरात सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर डॉ. मेहुल देसाई (प्राचार्य, उधना सिटीजन महाविद्यालय), डॉ. आशिष देसाई, डॉ. भूमि देसाई, डॉ. धवल पंड्या, महाविद्यालय के मुख्य सलाहकार डॉ. यू. टी. देसाई, कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. गौतम दुआ सहित समस्त व्याख्यातागण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
