गुजरात में एनएच-56 के धमासिया-बिटाडा-मोवी और नासरपुर-मालोथा खंडों को चार लेन का बनाने को मंजूरी
नई दिल्ली, 14 फरवरी (वेब वार्ता)। सरकार ने गुजरात में धामसिया-बिटाडा-मोवी (47.46 किमी) और नासरपुर-मालोथा (60.21 किमी) के चार-लेन खंडों के निर्माण की परियोजना को मंजूरी दी है।
सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। कुल परियोजना 107.67 किमी लंबी इस परियोजना पर 4583.64 करोड़ रुपये लागत आने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना एनएच-56 का हिस्सा है जो राजस्थान राज्य के निम्बाहेड़ा से शुरू होकर और गुजरात के दाहोद जिले, मध्य प्रदेश राज्य के अलीराजपुर जिले से होते हुए छोटा उदेपुर जिले के पास गुजरात में फिर से प्रवेश करती है और वापी के पास एनएच-48 के साथ अपने जंक्शन पर समाप्त होती है।
श्री वैष्णव के अनुसार स्वीकृत परियोजनाएं नर्मदा जिले से होकर गुजरती हैं और दाहोद, छोटा उदेपुर, तापी और भरूच के आदिवासी क्षेत्रों से संपर्क स्थापित करने में सहायक होंगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास में मदद मिलेगी।
यह परियोजना एनएच-56 से लगभग 11 किलोमीटर की दूरी पर स्थित केवडिया गांव में स्थित प्रमुख राष्ट्रीय पर्यटन स्थल स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से भी संपर्क स्थापित करने में सहायक होगी।
उन्होंने बताया कि यह परियोजना 100 किमी प्रति घंटा की गति से वाहन चलाने के लिए डिज़ाइन की गई है,जिससे 70 किमी प्रति घंटा की औसत गति प्राप्त हो सकेगी। परियोजना पर काम पूरा होने के बाद यात्रा का समय 2.5 घंटे से घटकर 1.5 घंटे हो जाएगा।
स्वीकृत परियोजना की लंबाई 107.67 किलोमीटर है और इससे लगभग 19.38 लाख मानव-दिवस का प्रत्यक्ष रोजगार और 22.82 लाख मानव-दिवस का अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होगा।
प्रस्तावित कॉरिडोर के आसपास के क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि के कारण परियोजना से अतिरिक्त रोजगार के अवसर भी उत्पन्न होंगे।
