सूरत : सचिन जीआईडीसी के मुद्दों पर संयुक्त बैठक, कई समस्याओं का मौके पर समाधान
चोर्यासी विधायक संदीप देसाई की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और उद्योगपतियों की समन्वय बैठक आयोजित
सूरत। सचिन जीआईडीसी क्षेत्र के उद्योगों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों के समाधान के लिए बुधवार दोपहर 3 बजे सचिन अधिसूचित क्षेत्र कार्यालय में एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चोर्यासी विधायक संदीप देसाई ने की।
इस अवसर पर राज्य सरकार के संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, जीपीसीबी, जीईटीसीओ, डीजीवीसीएल और जीआईडीसी के अधिकारी, साथ ही औद्योगिक सोसायटी के पदाधिकारी और उद्योगपति उपस्थित रहे।
बैठक में उद्योगों से जुड़े मुद्दों को एक-एक कर प्रस्तुत किया गया। कई व्यावहारिक समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया, जबकि कुछ विषयों पर संबंधित विभागों द्वारा लिखित प्रस्तुति देने के बाद कार्रवाई करने की सहमति दी गई। उद्योग प्रतिनिधियों ने इसे अब तक की अभूतपूर्व समन्वय बैठक बताया।
प्रमुख रूप से उठाए गए मुद्दे इस प्रकार है। जीआईडीसी और अधिसूचित क्षेत्र से जुड़े प्रश्नों में उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों से वसूले जाने वाले प्रोफेशनल टैक्स की राशि को सचिन नोटिफाइड एरिया अथॉरिटी को वसूलने की अनुमति।
सॉलिड वेस्ट डिस्पोजल के लिए 28,000 वर्गमीटर भूमि आवंटन संबंधी विषय। गेट नंबर 1 के पास सर्विस रोड के लिए यूटिलिटी कॉरिडोर का वैकल्पिक समाधान। रोड नंबर 4 से 5/3 तक नहर किनारे ग्रीन स्पेस के उपयोग का मुद्दा।
प्रभावित अलॉटियों को कियोस्क स्पेस रियायती दर पर देने का प्रस्ताव। प्लॉट नंबर 320 में कैंटीन संचालन और स्वामित्व विसंगति का निराकरण। पुराने बकाया बिलों के लिए वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना लागू करने की मांग। रोड नंबर 4 के अंत में स्थित SEZ प्रवेश द्वार का विस्तार।
डीजीवीसीएल और जीईटीसीओ से संबंधित विषयों में सचिन कॉलोनी में 132 केवी और 66 केवी सबस्टेशन स्थापना की प्रगति की समीक्षा। फीडर पर आरएमयू सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव। पांच सबस्टेशनों में ओवरलोडिंग की समस्या और नए सबस्टेशन की आवश्यकता। लोड वृद्धि/कमी के आवेदन पर लगाए जाने वाले एड-हॉक चार्ज में राहत की मांग।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी से संबंधित प्रश्नों में गेट नंबर 2 के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर फुट ओवरब्रिज के शीघ्र निर्माण की मांग। पुलिस विभाग से जुडे प्रश्नों में सचिन जीआईडीसी क्षेत्र में नए पुलिस स्टेशन के निर्माण का प्रस्ताव। जीपीसीबी से जुडे प्रश्नों में नॉन-केमिकल जोन में जीरो डिस्चार्ज अनुमति संबंधी मुद्दे उठाए गए ।
बैठक में जीआईडीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज आचार्य, अधिसूचित क्षेत्र के मुख्य अधिकारी प्रियकांत मेनत, पुलिस विभाग से डीसीपी राजेश परमार, एसीपी एस.सी. तरड़े, पीआई कुलदीपसिंह गोहिल, जीपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अरुण पटेल, डीजीवीसीएल एवं जीईटीसीओ के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर एच.आर. मोदी तथा अतिरिक्त इंजीनियर पी.एन. पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उद्योग जगत से इंडस्ट्रियल सोसायटी के अध्यक्ष किशोरभाई पटेल, सचिव मयूर गोलवाला, उपाध्यक्ष नीलेश गामी, कोषाध्यक्ष गिरीश राहुलिया, निदेशक नीलेश लिंबासिया, बावचंद अंताला, गौरांग चपटवाला, भीखूभाई नकरानी, अधिसूचित चेयरमैन मितुल मेहता तथा अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।
विधायक संदीप देसाई ने कहा कि उद्योगों की समस्याओं का त्वरित और समन्वित समाधान प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिन मुद्दों पर तत्काल निर्णय संभव नहीं है, उन्हें संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र सुलझाया जाएगा। उद्योगपतियों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से सचिन जीआईडीसी को एक आदर्श औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य साकार होगा।
