सूरत : स्तन व सर्वाइकल कैंसर की निःशुल्क जांच शिविर आयोजित
रेड क्रॉस और गायत्री हॉस्पिटल के संयुक्त प्रयास से महिलाओं को जागरूकता व जांच सुविधा प्रदान किया गया
इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, गुजरात स्टेट ब्रांच के मार्गदर्शन में सूरत रेड क्रॉस सोसायटी चौर्यासी शाखा एवं गायत्री हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में स्तन कैंसर और गर्भाशय मुख (सर्वाइकल) कैंसर की निःशुल्क जांच हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर जांच और परामर्श का लाभ उठाया।
गुजरात रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से गर्भाशय कैंसर की जांच भी नि:शुल्क की गई। कार्यक्रम में पूर्व मेयर अश्मिताबेन शिरोया, कमांडेंट डॉ. प्रफुलभाई शिरोया, सुमनबेन प्रजापति, दिनेशभाई जोगाणी, लायंस क्लब ऑफ सूरत ईस्ट के अध्यक्ष किशोर मांगरोलिया, जोन चेयरमैन लायन जगदीश बोदरा, डिस्ट्रिक्ट 3232 F2 के चेयरमैन लायन पी.टी. राठौड़ सहित गायत्री हॉस्पिटल, रंग अवधूत सोसायटी, माता वाड़ी, लांबे हनुमान रोड, सूरत के प्रतिनिधियों ने सेवा सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर डॉ. पूर्वी मालवीया शिरोया ने सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए बताया कि यह कैंसर मुख्य रूप से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) के लंबे समय तक रहने वाले संक्रमण के कारण होता है, जो एक यौन संचारित वायरस है। उन्होंने बताया कि 9 से 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं को टीकाकरण के माध्यम से इस बीमारी से बचाया जा सकता है। इसके सामान्य लक्षणों में असामान्य योनि रक्तस्राव, दर्द और पेल्विक क्षेत्र में पीड़ा शामिल हैं। समय पर पहचान के लिए पाप स्मीयर (Pap Smear) जांच करवाना अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. प्रफुल्ल शिरोया ने बताया कि इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, गुजरात के चेयरमैन अजयभाई पटेल की दूरदर्शिता के कारण राज्यभर में रेड क्रॉस विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि संस्था ब्लड बैंक, आर्टिफिशियल लिंब, डेंटल क्लिनिक, फिजियोथेरेपी, पैथोलॉजी लेबोरेटरी, डिजास्टर मैनेजमेंट, फर्स्ट एड प्रशिक्षण तथा प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र जैसी अनेक सेवाएं संचालित कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी गणमान्यजनों और नागरिकों ने रेड क्रॉस सोसायटी के मानवतावादी कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविरों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
