सूरत : आईएसपीएल सीजन-3: अहमदाबाद लायंस ने चेन्नई सिंघम्स को हराकर अंक तालिका में पहला स्थान किया पक्का
सिकंदर भट्टी की तूफानी पारी और जिग्नेश पटेल की घातक गेंदबाज़ी से अहमदाबाद की रोमांचक जीत
लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम में खेले गए इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (ISPL) सीजन-3 के अपने अंतिम लीग मुकाबले में अहमदाबाद लायंस ने चेन्नई सिंघम्स को बेहद रोमांचक मैच में दो रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ अहमदाबाद लायंस ने 14 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अहमदाबाद लायंस ने निर्धारित 10 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 92 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। टीम को तेज़ शुरुआत ओपनर सिकंदरभाई भट्टी ने दिलाई। भट्टी ने मात्र 17 गेंदों में 34 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें पांच आकर्षक चौके शामिल थे। मध्य ओवरों में अमित नाइक ने जिम्मेदारी संभालते हुए 17 गेंदों में 29 महत्वपूर्ण रन बनाए। उनकी पारी में दो छक्के शामिल रहे, जिससे टीम का स्कोर 90 रन के पार पहुंच सका।
चेन्नई सिंघम्स की ओर से अंकुर सिंह ने प्रभावशाली गेंदबाज़ी करते हुए अपने दो ओवरों में सिर्फ 6 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि जगन्नाथ सरकार ने 1 विकेट लेकर 9 रन खर्च किए। 93 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सिंघम्स की टीम की उम्मीदें केतन म्हात्रे पर टिकी रहीं। म्हात्रे ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 30 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाए। उनकी इस जुझारू पारी में छह चौके और दो छक्के शामिल थे, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका।
अहमदाबाद लायंस की ओर से कप्तान जिग्नेश पटेल ने गेंदबाज़ी में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपने दो ओवरों में 14 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट झटके, जिनमें जगन्नाथ सरकार और अमन यादव शामिल रहे। केतन म्हात्रे के आख़िरी तक संघर्ष करने के बावजूद चेन्नई सिंघम्स की टीम 10 ओवरों में 5 विकेट पर 90 रन ही बना सकी और लक्ष्य से मात्र दो रन पीछे रह गई। इस जीत के साथ अहमदाबाद लायंस ने लीग चरण का समापन शीर्ष स्थान पर करते हुए खिताब की दावेदारी और मजबूत कर ली।
