सूरत : बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी, QR कोड से मिलेगी एग्जाम सेंटर की लोकेशन

10वीं–12वीं की परीक्षाओं के लिए डिस्ट्रिक्ट एग्जामिनेशन कमेटी की बैठक, 1.65 लाख से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल

सूरत : बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी, QR कोड से मिलेगी एग्जाम सेंटर की लोकेशन

सूरत। सूरत जिले सहित पूरे राज्य में 26 फरवरी से शुरू हो रही कक्षा 10वीं और 12वीं (जनरल व साइंस स्ट्रीम) की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर डिस्ट्रिक्ट सेवा सदन में डिस्ट्रिक्ट एग्जामिनेशन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर एवं डिस्ट्रिक्ट एग्जामिनेशन कमेटी के चेयरमैन डॉ. सौरभ पारधी ने की।

कलेक्टर डॉ. पारधी ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि ऐसा तंत्र विकसित किया जाए जिससे विद्यार्थी बिना डर और तनाव के परीक्षा दे सकें। साथ ही शहर और जिले के ट्रैफिक सिस्टम को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए ताकि परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें।

बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया ने परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी।

जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. भागीरथ सिंह परमार ने बताया कि इस वर्ष सूरत जिले में बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 12,400 अधिक है। कुल 1,65,690 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जो राज्य में सर्वाधिक है। इनमें कक्षा 10वीं के 92,280 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा कक्षा 12वीं जनरल स्ट्रीम के 1,05,050 और साइंस स्ट्रीम के 15,740 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।

इस वर्ष लाजपोर जेल से भी 32 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें कक्षा 10वीं के 18 और कक्षा 12वीं के 14 विद्यार्थी हैं। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के आदिवासी विद्यार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था के तहत जीएसआरटीसी द्वारा 14 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।

परीक्षाएं जिले के 15 जोन में स्थित 88 परीक्षा केंद्रों, 561 इमारतों और 5,653 ब्लॉकों में आयोजित होंगी। साइंस स्ट्रीम के प्रैक्टिकल एग्जाम 5 से 16 फरवरी तक 46 परीक्षा स्थलों पर होंगे, जिसमें 39,880 विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं GUJCET परीक्षा में 1,120 ब्लॉकों में 22,400 विद्यार्थी भाग लेंगे।
SSC परीक्षा का समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक और HSC परीक्षा का समय दोपहर 3.00 बजे से शाम 6.15 बजे तक रहेगा।

QR कोड से मिलेगी एग्जाम सेंटर की सही लोकेशन

विद्यार्थी जिले के सभी 720 परीक्षा केंद्रों की सही लोकेशन QR कोड स्कैन करके जान सकेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों के QR कोड तैयार कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जाएंगे और स्कूलों के नोटिस बोर्ड पर भी लगाए जाएंगे।

परीक्षा मित्र हेल्पलाइन शुरू

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने कक्षा 10वीं, 12वीं जनरल और साइंस स्ट्रीम के विद्यार्थियों के लिए विशेष ‘परीक्षा मित्र हेल्पलाइन’ शुरू की है। इसमें विभिन्न विषयों के 190 शिक्षक और 2 मनोवैज्ञानिक समेत कुल 192 गाइड्स विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़ी शंकाओं और मानसिक तनाव को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए 25 फरवरी से 19 मार्च तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। विद्यार्थी और अभिभावक फोन नंबर 0261-2662902 पर संपर्क कर सकते हैं।

Tags: Surat