सूरत : श्री कृष्णाराज विद्यालय में स्वदेशी सप्ताह के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का आयोजन
आत्मनिर्भर भारत अभियान को लेकर विद्यार्थियों ने लिया स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संकल्प, निकाली गई जागरूकता रैली
श्री कृष्णाराज विद्यालय, 77-78, छत्रपति शिवाजी नगर, बमरोली रोड, पांडेसरा में शनिवार, 13 दिसंबर 2025 को आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत स्वदेशी सप्ताह के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देना और आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
इस अवसर पर कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपने दैनिक जीवन में कम से कम तीन स्वदेशी उत्पादों का नियमित उपयोग करेंगे। साथ ही स्वयं के साथ अपने घर, परिवार और रिश्तेदारों को भी स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित करेंगे। विद्यार्थियों ने स्वदेशी वस्तुओं के माध्यम से देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने में अपना बहुमूल्य योगदान देने का लक्ष्य निर्धारित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत की थीम पर आकर्षक चित्र बनाए। इसके अलावा विद्यालय द्वारा आसपास के नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वदेशी सप्ताह के अंतर्गत एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में कक्षा 6 से 12 के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने “सशक्त भारत–आत्मनिर्भर भारत”, “स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ”, “लोकल के लिए वोकल बनो”, “मेक इन इंडिया का सपना पूरा करें” जैसे नारों का जोरदार उद्घोष किया। कई विद्यार्थियों ने पोस्टर और सुविचारों के माध्यम से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संदेश आम नागरिकों तक पहुंचाया और लोगों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. राजेन्द्रसिंह कुशवाहा, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक संजय बड़ाड़ ने विशेष भूमिका निभाई, वहीं सभी शिक्षकगण का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
