गुजरात: भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में एक बच्चे सहित तीन पाकिस्तानी नागरिक हिरासत में
राजकोट, तीन मई (भाषा) गुजरात के राजकोट जिले में अवैध रूप से रहने के आरोप में 50 वर्षीय पाकिस्तानी महिला, उसके बेटे और दो वर्षीय पोते को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि महिला और उसका बेटा 25 वर्षों से अधिक समय से भारत में रह रहे थे, जबकि बच्चे की मां भारतीय है।
राजकोट ग्रामीण स्थानीय अपराध शाखा को हाल ही में सूचना मिली थी कि कुछ पाकिस्तानी नागरिक लोधिका तालुका में अवैध रूप से रह रहे हैं जिसके बाद उसने जांच शुरू कर दी।
अपराध शाखा ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान के कराची की रिजवानाबेन तातारिया जुलाई 1999 से राजकोट जिले के लोधिका तालुका में रह रही थी।
उनके पति मुनाफ तातारिया राजकोट जिले के निवासी थे और दोनों की मुलाकात 1992 में तब हुई थी जब मुनाफ कार्य वीजा पर कराची गए थे और इसके बाद दोनों ने निकाह कर लिया था। दंपति का एक बेटा जीशान है।
बयान में कहा गया है कि उनके पति 1994 में भारत लौट आये, जबकि रिजवानाबेन और जीशान 30 जुलाई 1999 को संयुक्त पाकिस्तानी पासपोर्ट पर देश में आये और फिर कभी पाकिस्तान नहीं गए।
पुलिस ने बताया कि 2021 में जीशान (29) ने एक स्थानीय महिला से अवैध रूप से शादी की और सितंबर 2022 में उनका एक बेटा हुआ। बयान में कहा गया है कि चूंकि रिजवानाबेन, जीशान और बच्चा प्रथम दृष्टया भारत में अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानी नागरिक हैं, इसलिए उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए हिरासत में लिया गया है।