अजाक्स इंजीनियरिंग के आईपीओ को दूसरे दिन तक 49 प्रतिशत अभिदान

अजाक्स इंजीनियरिंग के आईपीओ को दूसरे दिन तक 49 प्रतिशत अभिदान

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) कंक्रीट उपकरण विनिर्माता अजाक्स इंजीनियरिंग लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को बोली के दूसरे दिन 49 प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ।

एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, आरंभिक शेयर बिक्री में 1,41,49,997 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 68,88,960 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।

गैर-संस्थागत निवेशकों के कोटा के लिए 61 प्रतिशत अभिदान मिला, जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) की श्रेणी में 52 प्रतिशत अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 33 प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ।

केदारा कैपिटल समर्थित अजाक्स इंजीनियरिंग ने शुक्रवार को एंकर निवेशकों से 379 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए हैं।

बेंगलुरु मुख्यालय वाली इस कंपनी की 1,269 करोड़ रुपये की आरंभिक शेयर बिक्री बुधवार को समाप्त होगी। कंपनी ने प्रति शेयर 599-629 रुपये का मूल्य दायरा तय किया है।

कंपनी का आईपीओ पूरी तरह 2.01 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है।

ओएफएस के हिस्से के रूप में, केदारा कैपिटल 74.37 लाख शेयर बेचेगी।

चूंकि सार्वजनिक निर्गम पूरी तरह से ओएफएस है, इसलिए अजाक्स इंजीनियरिंग को आईपीओ से कोई आय प्राप्त नहीं होगी।