लोस चुनाव ने भाजपा की केंद्रीय राजनीति के लिए मध्य प्रदेश से दे दिए कई नए नेता

लोस चुनाव ने भाजपा की केंद्रीय राजनीति के लिए मध्य प्रदेश से दे दिए कई नए नेता

भाजपा द्वारा मध्यप्रदेश की समस्त 29 सीटों पर विजय परचम लहराने से पुन: प्रमाणित होता है कि 'एमपी के मन में मोदी बसे हैं'

डॉ. मयंक चतुर्वेदी

भोपाल, 06 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव-2024 जहां एक ओर राजनीति में कई बड़े बदलाव करने वाला साबित हुआ है, वहीं मध्य प्रदेश की राजनीति में भी इसने नए-नए रिकॉर्ड बनाए हैं। एक तरफ भारतीय जनता पार्टी का 29 लोकसभा क्षेत्रों में विजय प्राप्त करना है तो दूसरी तरफ भाजपा ने इस चुनाव में कई नए नेताओं को राष्ट्रीय राजनीति और राज्य की भविष्य की होने वाली राजनीति के लिए पैदा कर दिया है। इन नए नेताओं को लेकर अब देखना यह होगा कि भविष्य में कौन लंबी पारी खेलते हैं और राजनीति व संगठन के शीर्ष पदों पर लंबे समय तक अपने को बनाए रख पाता है। इनमें महिलाओं की भी अच्छी खासी संख्या है।

दरअसल, इस बार के लोकसभा चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण जीत जो अब तक की मानी जा रही है, वह छिंदवाड़ा से बंटी साहू का भाजपा प्रत्याशी के रूप में जीतना है। हालांकि वह पहले दो बार मप्र विधानसभा चुनाव में जीतने के लिए अपने प्रयास कर चुके हैं, लेकिन छिंदवाड़ा कांग्रेस के अभेद्य किले के रूप में रहा। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को यहां की सातों विधानसभा सीट पर जीत मिली थी। 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में भी सातों सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। ऐसे में लोकसभा चुनाव में भाजपा की राह आसान नहीं थी, किंतु एक जनप्रतिनिधि के रूप में उन्हें बड़ी सफलता 2024 में आकर हाथ लगी। वे कांग्रेस के नकुल नाथ को एक लाख से अधिक वोटों से चुनाव हराने में कामयाब रहे । यह विवेक बंटी साहू की ही नहीं बल्कि कहना होगा कि मध्य प्रदेश एवं भारतीय राजनीति क्षेत्र में भी भाजपा की बड़ी जीत मानी जा सकती है।

उसके बाद जिन अन्य नेताओं का उभार देखने को मिलता है, उनमें जबलपुर में आशीष दुबे, दमोह से राहुल सिंह लोधी, भोपाल से सांसद बने आलोक शर्मा, ग्वालियर से भारत सिंह कुशवाह, बालाघाट से भारती पारधी, रतलाम से अनीता नागर, चंबल क्षेत्र मुरैना से आए शिवमंगल सिंह तोमर, बुंदेलखंड के सागर संभाग से लता वानखेड़े, नर्मदापुरम से दर्शन सिंह चौधरी, सीधी से डॉ. राजेश मिश्रा का नाम भी इस सूची में जोड़ा जा सकता है। ये सभी वे नेता है, जिनका राष्ट्रीय राजनीति में पहली बार पदार्पण हुआ है। अब ये सभी मप्र से पहली बार बने सांसद बतौर जनप्रतिनिधि संसद में बैठेंगे और अपने-अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मध्यप्रदेश में प्रचंड भाजपा की जीत को लेकर राज्य बीजेपी मीडिया प्रमुख आशीष अग्रवाल का कहना है कि '' भाजपा द्वारा मध्यप्रदेश की समस्त 29 सीटों पर विजय परचम लहराने से पुन: प्रमाणित होता है कि 'एमपी के मन में मोदी बसे हैं'। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की विकास उन्मुखी नीतियाँ, भाजपा के शुभंकर प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा जी की उत्कृष्ट व कुशल रणनीति, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी के मार्गदर्शन एवं समस्त सामूहिक नेतृत्व के परिश्रम से मध्य प्रदेश कांग्रेस मुक्त हुआ और प्रत्येक सीट पर शानदार कमल खिला। मध्यप्रदेश की जनता द्वारा दिए गए प्रोत्साहन अनरूप भाजपा का संगठन एवं सरकार आगामी 5 वर्ष मध्यप्रदेश में विकास नए आयाम स्थापित करने हेतु संकल्पित है।'' वे इन सभी की जीत को इसी के अंदर देखते हैं।

Tags: Feature