नवसारी : दांडी के समुद्र में 7 लोग बहे, 3 को बचाया गया, 4 लापता

नवसारी : दांडी के समुद्र में 7 लोग बहे, 3 को बचाया गया, 4 लापता

नवसारी, 12 मई (हि.स.)। नवसारी के दांडी में रविवार को समुद्र में नहाने के दौरान 7 लोग डूबने लगे। पुलिस और होमगार्ड जवानों ने 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, वहीं 4 लोग लापता हैं, जिनकी खोजबीन की जा रही है। समुद्र में बहे लोग खडसूपा के निवासी बताए गए हैं, जो तीन परिवार के सदस्य हैं।

रविवार की छुट्टी मनाने नवसारी समेत अन्य जिलों के बड़ी संख्या में लोग दांडी में समुद्र किनारे पहुंचे। लोग समुद्र में नहाने का लुत्फ उठा रहे थे। इसी बीच समुद्र की तेज लहरों में तीन अलग-अलग परिवार के 7 लोग बहने लगे। समुद्र किनारे मौजूद लोगों ने उन्हें डूबता देखा तो शोर मचाने लगे। समुद्र के आसपास पुलिस, होमगार्ड के जवान समेत अन्य तैराकों ने पानी में डूब रहे लोगों को बचाने की कोशिश की जिसमें 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। 4 लोगों के गहरे पानी में जाने की आशंका है, अभी उनकी खोजबीन जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन समेत फायर ब्रिगेड के जवान भी मौके पर पहुंच गए हैं।

जानकारी के अनुसार विपुल हलपति, राकेश और अतिश नामक तीन लोगों को डूबने से बचा लिया गया है। जबकि लापता लोगों में दुर्गा, युवराज तथा दो अन्य शामिल हैं।

Tags: Navsari