गुजरात में गर्मी का कहर, कई शहरों में येलो अलर्ट

शैक्षणिक संघों ने दोपहर के स्कूल को सुबह करने की मांग की

गुजरात में गर्मी का कहर, कई शहरों में येलो अलर्ट

अहमदाबाद, 23 मार्च (हि.स.)। राज्य में गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है। कई जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने से हीटवेव चलने लगा है। मौसम विभाग ने इस संबंध में पहले ही चेतावनी जारी की है जिसके अनुसार 22 से 26 मार्च के दौरान सौराष्ट्र और कच्छ में हीटवेव की पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। आगामी 3 दिनों में राज्य के 6 जिलों में हीट वेव का अनुमान लगाया गया है। 25 और 26 मार्च को दीव में हीटवेव आने की जानकारी दी गई है।

गर्मी का पारा चढ़ने के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका विपरीत असर हो रहा है। राज्य के शैक्षणिक संघ ने राज्य के शिक्षा सचिव को पत्र लिखकर दोपहर के स्कूलों के सुबह सत्र में संचालन की मांग की है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने शिक्षा सचिव विनोद राव को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि गुजरात में मौजूद समय में क्लाइमेंट के अनुसार तीन ऋतु का अनुभव होता है। आगामी एक-दो दिनों में गुजरात में गर्मी बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। तापमान के बढ़ने को लेकर बच्चों के स्कूल दोपहर के बजाए सुबह का किया जाए।

राज्य में तपिश का दौर जारी

राज्य के मौसम विभाग ने सौराष्ट्र के पोरबंदर, गिर सोमनाथ, अमरेली और राजकोट में यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा जूनागढ़ और कच्छ में भी भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी दी है। अहमदाबाद में 43 डिग्री तक अधिकतम तापमान पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। राज्य के 11 शहरों में तापमान 37 डिग्री के पार कर गया है। हीट वेव के अनुमान को लेकर प्रशासन ने जरूरी उपाय भी शुरू किए हैं। सभी डीईओ को जरूरी कदम उठाने की सूचना भेजी गई है। डीईओ ने भी स्कूलों को परिपत्र जारी किया है। स्कूलों के समय में बदलाव का भी सुझाव दिया गया है।

प्रमुख शहरों के तापमान

अमरेली 39.8, राजकोट 39.5, केशोद 39, सुरेन्द्रनगर 38.9, अहमदाबाद 38.6, वडोदरा 38.6, भुज 38.5, गांधीनगर 38, डीसा 37.8 और भावनगर 37.2 डिग्री दर्ज किया गया।

Tags: Ahmedabad