उत्तर प्रदेश : पानी से भरे सड़क पर आराम से जा रहा था जोड़ा और तभी स्कूटर समेत धरती में समा गये, देखिये वीडियो

उत्तर प्रदेश : पानी से भरे सड़क पर आराम से जा रहा था जोड़ा और तभी स्कूटर समेत धरती में समा गये, देखिये वीडियो

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है जहाँ नगर निगम की बड़ी लापरवाही देखने को मिल रही है

बारिश के दिनों में देश के विभिन्न राज्यों की कहानी एक जैसी ही रहती है। बारिश आने के साथ ही देश की तमाम नगर निगम और नगर व्यवस्था की पोल खुलती नजर आती है। फिर चाहे वो मुंबई हो या दिल्ली, अहमदाबाद हो या उत्तर प्रदेश! हर जगह सड़कों की सूरत एक जैसी ही होती है। बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर जाने के कारण होने वाले दुर्घटनों के वीडियो सोशल मीडिया पर अक्सर वायरल होते रहते है। अब उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है जहाँ नगर निगम की बड़ी लापरवाही देखने को मिल रही है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक स्कूटर सवार पुलिसकर्मी और उनकी पत्नी पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।
आपको बता दें कि डॉक्टर के पास चेकअप करवाने जा रहे पुलिसकर्मी दयानंद सिंह अत्री पत्नी अंजू रास्ते में बारिश से हुए जलभराव के कारण स्कूटर सहित गहरे गड्ढे में गिर गए। पति-पत्नी को गड्ढे में गिरता देख मार्केट के व्यापारी एकत्रित हो गए और दोनों को आनन-फानन बाहर निकाला। इस घटना में दोनों पति पत्नी के गंभीर चोटें आई हैं।
इस बारे में पुलिसकर्मी दयानंद सिंह अत्री ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि जब वह स्कूटर से जा रहे थे तो आगे रास्ते में पानी भरा हुआ था। वह आराम से स्कूटर चलाकर जा ही रहे थे कि पानी के कारण उन्हें गड्ढे का पता नहीं लगा और वे उसमें गिर गए। इस मामले में लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान अक्सर यहां पानी भर जाता है और इससे पता नहीं लग पाता कि आगे गड्ढा है भी या नहीं। इस गड्ढे के कारण पहले भी कई घटनाएं घट चुकी हैं। इन दुर्घटनाओं के बाद भी नगर निगम कुंभकरण नींद में सो रहा है और कभी इस पर कोई ध्यान नहीं देता। कई बार इसे लेकर शिकायत भी दी गई है। शायद नगर निगम कोई बड़ी घटना होने का इंतजार कर रहा है।