सोशल मीडिया : हाई हील्स पहनकर फुटबॉल खेल रही लड़की ने इन्टरनेट को बनाया दीवाना

सोशल मीडिया : हाई हील्स पहनकर फुटबॉल खेल रही लड़की ने इन्टरनेट को बनाया दीवाना

मिजोरम के खेल मंत्री रॉबर्ट रोमाविया रॉयटे ने किया सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर

सोशल मीडिया पर रोज तरह-तरह के वीडियो वायरल होते रहते हैं। इनमें कुछ वीडियो ऐसे होते हैं जिन्हें देखकर हंसी छूट जाती है। तो कुछ वीडियोस में लोगों के अलग हुनर को देखकर लोग दांतों तले ऊँगली दबा लेते हैं। इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो लोगों के बीच तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें मिजोरम की एक लड़की हाई हील्स पहनकर फुटबॉल खेल रही है, जिसे देखकर अच्छे-अच्छों की बोलती बंद हो गई।
आपको बता दें कि इस वीडियो में एक लड़की हाई हील्स पहनकर फुटबॉल खेल रही है। लोग ये सोचकर हैरान है कि जहाँ हाई हील्स पहनकर आमतौर पर चलना भी मुश्किल होता है, उन्हें पहनकर ये लड़की आसानी से बॉल कैसे उछाल ले रही है। दरअसल मिजोरम के खेल मंत्री रॉबर्ट रोमाविया रॉयटे ने लड़की की तारीफ करते हुए उसकी कहानी सोशल मीडिया पर शेयर की, जिसके बाद हाई हील्स पहनकर फुटबॉल खेलते हुए उसका वीडियो वायरल हो गया।
सामने आई जानकरी के अनुसार, वायरल वीडियो में सभी को मंत्रमुग्ध कर रही इस लड़की का नाम सिंडी रेमरुतपुई है जो मिजोरम के आइजोल की निवासी है और कक्षा दसवीं में पढ़ती है। रेमरुतपुई के सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भी उसकी प्रतिभा को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। रेमरुतपुई स्टेट और राष्ट्रीय स्तर की कई चैंपियनशिप में भाग ले चुकी हैं। 2020 में भी वो चर्चा में आई थी, जब उसने टॉयलेट पेपर के साथ एक चैलैंज लिया था। अब हाई हील्स में फुटबॉल खेलकर रेमरुतपुई ने खेल का एक नया लेवल सेट किया है। लोगों को यह वीडियो बहुत पसंद कर रहे हैं। लोग ना सिर्फ इसे एक दूसरे से शेयर कर रहे हैं बल्कि इस पर तरह-तरह के कमेंट और रिएक्शन भी दे रहे हैं।