सड़क हादसा : टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री की भीषण दुर्घटना में हुई मौत, ड्राईवर ने खोया नियंत्रण, डिवाइडर से टकराई कार

सड़क हादसा : टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री की भीषण दुर्घटना में हुई मौत, ड्राईवर ने खोया नियंत्रण, डिवाइडर से टकराई कार

ये हादसा उस समय हुआ जब सायरस मिस्त्री गुजरात के उदवाड़ा में बने पारसी मंदिर से लौट रहे थे, हादसे के समय गाड़ी में सवार थे चार लोग

टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन और देश के जाने-माने उद्योगपतियों में शुमार सायरस मिस्त्री आज दोपहर में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर एक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गये जिसमें उनका निधन हो गया। ये हादसा उस समय हुआ जब सायरस मिस्त्री गुजरात के उदवाड़ा में बने पारसी मंदिर से लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक 54 साल के मिस्त्री की मर्सिडीज पालघर के कासा के पास चरोटी गांव में सूर्या नदी के पुल पर रोड डिवाइडर से टकराई थी। अपनी करीब 68 लाख रुपये की मर्सिडीज जीएलसी 220डी 4मैटिक से अहमदाबाद से मुंबई जा रहे सायरस की मर्सिडीज की जीएलसी 220डी सीरीज की यह कार तमाम सेफ्टी फीचर्स से लैस थी और इसमें सात एयरबैग भी थे। इसके बावजूद सड़क हादसे में सायरस मिस्त्री की जान नहीं बच सकी। टक्कर के बाद मर्सिडीज के एयरबैग भी खुले, लेकिन मिस्त्री समेत दो लोगों की मौत हो गई। कार में कुल चार लोग सवार थे।

हादसे के समय गाड़ी में सवार थे चार लोग, दो घायल

इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना होने का कारण ड्राइवर ने कार पर से कंट्रोल खो देना रहा है। ड्राईवर के कण्ट्रोल खो देने से गाडी रोड डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने मर्सिडीज कार में सवार लोगों की डीटेल जारी की है। एक्सीडेंट में साइरस मिस्त्री के साथ जहांगीर दिनशा पंडोले की भी जान चली गई है। वहीं, अनायता पंडोले (महिला) और उनके पति दरीयस पंडोले घायल हुए हैं। अनायता मुंबई में डॉक्टर हैं और कार वही ड्राइव कर रही थीं। उनके पति दरीयस पंडोले JM फाइनेंशियल के CEO हैं। बता दें कि इसी साल 28 जून को साइरस के पिता और बिजनेस टाइकून पालोनजी मिस्त्री (93) का निधन हुआ था। साइरस और उनके पिता के निधन के बाद उनके परिवार में उनकी मां पाट्सी पेरिन डुबास, शापूर मिस्त्री के अलावा दो बहनें लैला मिस्त्री और अलू मिस्त्री रह गई हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक

इस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही व्यापार से लेकर राजनीति हर क्षेत्र में हडकंप मच गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइरस मिस्त्री के निधन पर संवेदना व्यक्त की है। PM मोदी ने ट्वीट किया- साइरस मिस्त्री का असामयिक निधन स्तब्ध करने वाला है। वे भारत की आर्थिक शक्ति में विश्वास करते थे। उनका निधन उद्योग जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके परिवार और मित्रों के लिए संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले। प्रधानमंत्री के अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई लोगों ने साइरस मिस्त्री के निधन पर श्रद्धांजलि दी है।

टाटा सन्स के सबसे युवा चेयरमैन थे

बता दें कि 4 जुलाई 1968 को जन्में साइरस पालोनजी मिस्त्री शापूरजी पालोनजी ग्रुप के प्रमुख पालोनजी मिस्त्री के छोटे बेटे थे। साइरस ने मुंबई के कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल से शुरुआती पढ़ाई करने के बाद सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए लंदन चले गए। जहाँ से उन्होंने इंजीनियरिंग के साथ साथ लंदन बिजनेस स्कूल से मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री भी हासिल की थी। दिसंबर 2012 को रतन टाटा ने टाटा सन्स के चेयरमैन पद से रिटायरमेंट ले लिया था। उसके बाद साइरस मिस्त्री को टाटा सन्स का चेयरमैन बनाया गया। टाटा के 150 साल से भी ज्यादा समय के इतिहास में साइरस मिस्त्री छठे ग्रुप चेयरमैन थे। वे टाटा सन्स के सबसे युवा चेयरमैन भी थे।

फडणवीस ने दिया जांच का आदेश

महाराष्ट्र के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस से उस सड़क दुर्घटना की विस्तृत जांच करने को कहा, जिसमें साइरस मिस्त्री की मौत हुई है। साइरस मिस्त्री के निधन पर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, हैरान और गहरा दुख दिया, डीजीपी से बात की और विस्तृत जांच के निर्देश दिए।
Tags: