पाकिस्तान ने भारत में यूरेनियम जब्ती पर चिंता व्यक्त की

पाकिस्तान ने भारत में यूरेनियम जब्ती पर चिंता व्यक्त की

मुंबई एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड ने हाल ही में 7.10 किलोग्राम रेडियोधर्मी प्राकृतिक यूरेनियम जब्त किया है

इस्लामाबाद, 8 मई (आईएएनएस)| पाकिस्तान ने भारत में अनधिकृत व्यक्तियों से यूरेनियम की जब्ती की खबरों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। पाकिस्तान ने चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि परमाणु सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड ने हाल ही में 7.10 किलोग्राम रेडियोधर्मी प्राकृतिक यूरेनियम जब्त किया है और मामले के सिलसिले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई सामग्री की कीमत कम से कम 29 लाख डॉलर होने की उम्मीद है।
पाकिस्तान विदेश कार्यालय की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, हम भारत में अनधिकृत व्यक्तियों से 7 किलोग्राम से अधिक प्राकृतिक यूरेनियम की जब्ती के बारे में गंभीर चिंता व्यक्त करते हैं।
पाकिस्तान ने इस संबंध में भारत को जांच के दायरे में लाने की ओर इशारा करते हुए इस मामले की गहन जांच का आह्वान किया है। बयान में कहा गया है, सभी देशों के लिए परमाणु सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस मामले की गहन जांच की आवश्यकता है कि यूरेनियम की इतनी बड़ी मात्रा किसी भी राष्ट्र के नियंत्रण से बाहर कैसे उपलब्ध हो सकती है।
यह पहली बार नहीं है कि भारत में अधिकारियों द्वारा इस तरह के रेडियोधर्मी पदार्थ की बड़ी पैमाने पर जब्ती की गई है। 2016 में पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे क्षेत्र से लगभग 9 किलोग्राम यूरेनियम जब्त की थी।

(Disclaimer: यह खबर सीधे समाचार एजेंसी की सिंडीकेट फीड से पब्लिश हुई है. इसे लोकतेज टीम ने संपादित नहीं किया है.)
Tags: Pakistan