महाराष्ट्र : बल्लारशाह रेलवे स्टेशन के ऊपर बना फुट ओवर ब्रिज का एक हिस्सा गिरा, करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल

महाराष्ट्र : बल्लारशाह रेलवे स्टेशन के ऊपर बना फुट ओवर ब्रिज का एक हिस्सा गिरा, करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल

पुल करीब 60 फीट ऊपर बना था और वहां से गिरने पर लोगों को बड़ी चोटें आईं हैं

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में एक बड़ा हादसा हो गया। शाम करीब पांच बजे बल्लारशाह रेलवे स्टेशन के ऊपर बना फुट ओवर ब्रिज का एक हिस्सा अचानक गिर गया। इस हादसे में करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही 8 लोगों की गंभीर स्थिति की जानकारी सामने आई है। पता चला है कि यह पुल करीब 60 फीट ऊपर बना था और वहां से गिरने पर लोगों को बड़ी चोटें आईं हैं। रेलवे ने तुरंत सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

फुटओवर ब्रिज था जर्जर


आपको बता दें कि इस घटना के तुरंत बाद का एक वीडियो भी सामने आया है। पुल के गिरने से दहशत में आए लोग चीख और चिल्लाते दिखे। ANI ने जो वीडियो साझा किया है, उसमें पुल का गिरा हुआ हिस्सा साफ नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि ये हादसा उस समय हुआ जब यात्री काजीपेट पुणे एक्सप्रेस नाम की ट्रेन पकड़ने के लिए 1 नंबर प्लेटफॉर्म से 4 नंबर प्लेटफॉर्म पर जा रहे थे। फुटओवर ब्रिज को लेकर जानकारी है कि यह काफी जर्जर हो गया था और इस पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा था। ब्रिज पर अचानक लोड बढ़ गया था जिससे यह घटना हुई है। 

सभी घायलों को सिविल अस्पताल में भेजा


इस हादसे के बारे में जानकारी देते हुए सीपीआरओ सीआर शिवाजी सुतार ने कहा कि नागपुर मंडल के बल्हारशाह में आज शाम करीब 5।10 बजे फुट ओवर ब्रिज के स्लैब का हिस्सा गिर गया। इस हादसे में कुछ यात्री घायल हो गए। इन सभी को प्राथमिक इलाज के बाद सिविल अस्पताल भेज दिया गया। राहत की बात यह है कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आपको बता दें कि इससे पहले आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के कुप्पम में भी बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। बताया जा रहा है कि वहां एक ट्रेन रुकी हुई थी, तभी उसमें अचानक आग लग गई। हालाकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मोरबी पुल कांड की याद हुई ताजा 


गौरतलब है कि हाल ही में गुजरात के मोरबी में एक बड़ा पुल हादसा हुआ था। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। कई लोग गुजरात के मोरबी के हैंगिंग ब्रिज पर पहुंचे। इस दौरान नदी पर बना झूला पुल अचानक ढह गया, जिससे करीब 140 लोगों की जान चली गई। इस हादसे के बाद प्रशासन और निर्माण कार्य पर कई तरह के सवाल उठे हैं।