बिहार : मुजफ्फरपुर के नुडल्स फैक्ट्री में बॉयलर फटने से हुआ भीषण धमाका, अब तक 5 लोंगों की हुई मौत

बिहार : मुजफ्फरपुर के नुडल्स फैक्ट्री में बॉयलर फटने से हुआ भीषण धमाका, अब तक 5 लोंगों की हुई मौत

6 लोगों के घायल होने की खबर, बचाव कार्य जारी

बिहार के मुजफ्फरपुर से एक नाश्ता बनाने वाली (नूडल्स फैक्ट्री) फैक्ट्री में बॉयलर जाने की घटना सामने आई है। बॉयलर फटने से भीषण धमाका हो हुआ और इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही मामले में 6 लोग घायल हैं।
जानकारी के अनुसार बेला इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित मोदी कुरकुरे और नूडल्स फैक्ट्री में आज सुबह ये हादसा हुआ है। इस फैक्टरी में नूडल्स बनाया जाता था। ब्लास्ट में नूडल्स फैक्टरी पूरी तरह से तबाह हो गई है। धमाका बहुत भीषण था और इसका असर आसपास की फैक्ट्रियों में देखा गया। साथ ही आसपास की फैक्ट्रियों के लोगों के के भी घायल होने की सूचना मिल रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि घटना के वक्त फैक्ट्री के अंदर 12 से ज्यादा लोग काम कर रहे थे। इस जोरदार धमाके के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम वहां पहुंच गई है। राहत व बचाव का काम तेज कर दिया गया है। वहीं मामले की जानकारी होते ही एसपी-डीएम सहित कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल और एसकेएमसीएच पहुंचाया गया है।
इस मामले में आसपास के लोगों की माने तो ये धमाका इतना भारी था कि धमाके की वजह से आसपास की धरती भी हिल गई। जिसे पहले तो भूकंप आने का अहसास माना। भूकंप के डर से लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल गए। हालांकि, बाद में पता चला कि बॉयलर फटने की वजह से धरती हिली है। गौरतलब है कि हादसे के बाद फैक्ट्री के गेट को बंद कर दिया गया है। साथ ही  आसपास के लोगों को अंदर जाने से रोका जा रहा है। फ़िलहाल राहत और बचाव का कार्य तेजी से जारी है।