टीम इंडिया का एक और खिलाड़ी चढ़ने जा रहा है घोड़ी, अपनी प्रेमिका के साथ की सगाई

टीम इंडिया का एक और खिलाड़ी चढ़ने जा रहा है घोड़ी, अपनी प्रेमिका के साथ की सगाई

भारत के तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर 29 नवंबर को अपनी गर्लफ्रेंड मिताली पारुलकर से की सगाई

शादी के इस सीजन में भारतीय क्रिकेट टीम का एक अहम खिलाड़ी भी क्लीन बोल्ड हो गया। हम बात कर रहे है भारत के तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर की। शार्दुल ने 29 नवंबर को अपनी गर्लफ्रेंड मिताली पारुलकर से सगाई कर ली। यह कार्यक्रम मुंबई में परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में आयोजित किया गया था। सोशल मीडिया पर उनकी सगाई की तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। इन दोनों की सगाई का कार्यक्रम बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया था जिसमें करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य मौजूद थे। हालांकि अभी तक यहसाफ नहीं हुआ है कि कोई भारतीय क्रिकेटर इस कार्यक्रम में शामिल हुआ था या नहीं। खबर है कि शार्दुल ठाकुर अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के बाद शादी कर सकते हैं।
आपको बता दें कि टीम इंडिया के लिए शदर प्रदर्शन करने वाले 30 साल के शार्दुल ठाकुर फिलहाल क्रिकेट से ब्रेक पर हैं। उन्होंने भारत के लिए अब तक चार टेस्ट, 15 वनडे और 24 टी20 मैच खेले हैं। वह हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे। वह इससे पहले आईपीएल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले थे। शार्दुल फिलहाल तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने टेस्ट में बल्ले से भी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के दौरों में अर्धशतक लगाया। इस वजह से उनकी काफी तारीफ हुई थी।
शार्दुल ठाकुर मुंबई के पालघर के रहने वाले हैं। उन्होंने 2017 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था। वहीं उनका टेस्ट डेब्यू 2018 में हुआ था। उन्होंने अब तक टेस्ट में 14, वनडे में 22 और टी20 में 31 विकेट लिए हैं। शार्दुल ठाकुर और रोहित शर्मा एक साथ खेलकर आगे बढ़े हैं। दोनों ने एक ही कोच दिनेश लाड से खेल की बारीकियां सीखी हैं। अपने स्कूल के दिनों में उन्होंने छह गेंदों पर छह छक्के भी लगाए है। बाद में उन्होंने घरेलू क्रिकेट में कमाल कर टीम इंडिया में मुंबई के लिए जगह बनाई। उन्होंने मुंबई को रणजी चैंपियन बनाने में भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पंजाब किंग्स के साथ आईपीएल में डेब्यू किया था। लेकिन बाद में उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स में आकर सफलता मिली। यहां वह 2018 और 2021 में खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा थे।