अहमदाबाद : धोराजी में 8 दिन से पानी नहीं मिलने पर महिलाओं ने मचाया बवाल

महिला मुख्य अधिकारी ने महिलाओं की बात सुन कर शांत किया और आश्वासन दिया कि यांत्रिक दोष एकाद दिन में दूर हो जाएगा

 धोराजी शहर और हीरपरावाड़ी क्षेत्र में यांत्रिक खराबी के कारण लगातार आठ दिनों से पानी नहीं मिलने से नाराज महिलाओं का एक समूह नगर निगम कार्यालय पहुंच गया। जहां महिलाओं ने भारी बवाल मचाया। साथ ही पानी दो, पानी दो के अलावा नगरपालिका हाय हाय के नारे लगाये। साथ  साथ ही आवेदन पत्र दिये। 
विभिन्न क्षेत्रों में जल वितरण में कई समस्याएं हैं। इसका समाधान नहीं हो पा रहा है। शहर में पानी की पर्याप्त आपूर्ति है लेकिन वितरण व्यवस्था में खामियां होने से महिलाओं में असंतोष है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में से आये दिन महिलाओं का समूह पानी की मांग के साथ नगरपालिका कार्यालय पहुंच ही जाती है। बावजूद इसके निगम कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
शहर के हीरपरावाड़ी वार्ड नंबर नौ में खराब वॉल्व व नई सोसायटी में अधिक कनेक्शन देने से पिछले आठ दिनों से पानी नहीं आया। इस समस्या में मेन पाइप लाइन की मोटर भी खराब हो जाने से शहर में छह दिनों बाद पानी मिला था। जबिक हीरपरा वाडी  क्षेत्र में आठ-आठ दिन में पानी आने से महिलाएं आक्रोशित हो गई थी।  आज महिला मुख्य अधिकारी ने महिलाओं की बात सुन कर शांत किया और आश्वासन दिया कि यांत्रिक दोष एकाद दिन में दूर हो जाएगा।
Tags: 0