सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत वाले पोरबंदर-छाया और नडियाद की विकास गति तीव्र होगी: कनुभाई देसाई

पोरबंदर-छाया और नडियाद को महानगर पालिका बनाने की घोषणा पर बोले वित्त मंत्री

सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत वाले पोरबंदर-छाया और नडियाद की विकास गति तीव्र होगी: कनुभाई देसाई

गांधीनगर, 28 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने योजनाबद्ध शहरी विकास के माध्यम से ‘ईज ऑफ लिविंग’ यानी जीवन जीने की सुगमता में वृद्धि की प्रतिबद्धता के साथ दो और नगर पालिकाओं को महानगर पालिका में बदलने का निर्णय किया है। वित्त मंत्री कनुभाई देसाई ने बुधवार को विधानसभा में राज्य सरकार के इस निर्णय की घोषणा करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जन्मभूमि पोरबंदर की पोरबंदर-छाया नगर पालिका को महानगर पालिका का दर्जा दिया जाएगा।

वित्त मंत्री ने कहा कि इतना ही नहीं, अखंड भारत के शिल्पी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्मभूमि नडियाद की नगर पालिका को भी महानगर पालिका में बदला जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के इस निर्णय का ब्यौरा देते हुए वित्त मंत्री कनुभाई देसाई ने कहा कि पोरबंदर-छाया शहर समुद्र तट पर स्थित एक विशिष्ट भौगोलिक परिस्थिति वाला शहर है। यह शहर राष्ट्रीय राजमार्ग तथा राज्य राजमार्गों के द्वारा देश एवं राज्य के बड़े शहरों के साथ जुड़ा है। तटीय इलाके में स्थित होने के कारण पोरबंदर में पर्यटन क्षेत्र सहित पवन ऊर्जा एवं सौर ऊर्जा जैसे हरित ऊर्जा के क्षेत्र में विकास की विशाल संभावनाएं निहित हैं। इसी तरह, नडियाद शहर भी राष्ट्रीय राजमार्ग, एक्सप्रेस हाईवे तथा राज्य राजमार्ग के माध्यम से अन्य बड़े शहरों के साथ जुड़ा है। साथ ही, नडियाद शहर गुजरात की औद्योगिक पट्टी में स्थित शहर है।

वित्त मंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत वाले इन दोनों शहरों, पोरबंदर और नडियाद को महानगर पालिका का दर्जा मिलने से इन दोनों शहरों को आधुनिक अवसंरचना सुविधा युक्त बहुआयामी महानगर पालिकाओं के रूप में विकसित होने के उज्ज्वल अवसर प्राप्त होंगे।

उल्लेखनीय है कि राज्य में शहरीकरण तेजी से बढ़ रहा है और राज्य की अनुमानित 50 फीसदी आबादी शहरों में रहती है। 2047 तक यह बढ़कर 75 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान है। बढ़ते शहरीकरण के साथ रोजी-रोटी, व्यापार-व्यवसाय और रोजगार के लिए शहरों में बसे लोगों को शहरी सुख-सुविधाएं तेजी से उपलब्ध कराने तथा ईज ऑफ लिविंग को बढ़ाने के दृष्टिकोण के साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने सात नगर पालिकाओं को महानगर पालिका का दर्जा देने की महत्वपूर्ण घोषणा हाल में बजट पेश करते हुए की है। अब, सुनियोजित शहरी प्रबंधन की मंशा के साथ पोरबंदर-छाया नगर पालिका और नडियाद नगर पालिका के रूप में दो और नगर पालिकाओं को महानगर पालिका बनाने की घोषणा की गई है। इसके परिणामस्वरूप गुजरात में अब पहले से मौजूद 8 महानगर पालिकाओं के अलावा 9 नई महानगर पालिकाओं के जुड़ने से राज्य में कुल 17 महानगर पालिकाएं हो जाएंगी।

Tags: Ahmedabad