कतर से सात भारतीय पूर्व नौसेनिकों की वतन वापसी पर भाजपा ने जताई खुशी

उनके सकुशल लौटने पर उनके परिवार वालों के साथ पूरा देश खुश है

कतर से सात भारतीय पूर्व नौसेनिकों की वतन वापसी पर भाजपा ने जताई खुशी

नई दिल्ली, 12 फ़रवरी (हि.स.)। कतर से भारतीय नौसेना के आठ कर्मियों की रिहाई पर विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने खुशी जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में यह भारत सरकार की बड़ी कूटनीतिक जीत है।

सोमवार को नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस रिहाई में प्रधानमंत्री के हस्तक्षेप से मदद मिली। कतर के अमीर का आभार जताते हुए मीनाक्षी लेखी ने कहा कि रिहा किए गए आठ भारतीयों में से सात भारत लौट आए हैं। उनके सकुशल लौटने पर उनके परिवार वालों के साथ पूरा देश खुश है।

उल्लेखनीय है कि नौसेना के पूर्व कर्मियों को 26 अक्टूबर को कतर की एक अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी। खाड़ी देश की अपीलीय अदालत ने 28 दिसंबर को मृत्युदंड को कम कर दिया था और पूर्व नौसैन्य कर्मियों को अलग-अलग अवधि के लिए जेल की सजा सुनाई थी। निजी कंपनी अल दहरा के साथ काम करने वाले भारतीय नागरिकों को जासूसी के एक कथित मामले में अगस्त 2022 में गिरफ्तार किया गया था।

Tags: