मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की जापान यात्रा का 5वां दिन, नोफ़ूकुजी मंदिर तथा कोबे बंदरगाह का किया दौरा

जापान में ह्योगो के गवर्नर मोटोहिको सैतो से मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने की मुलाक़ात

मुख्यमंत्री  भूपेंद्र  पटेल की जापान यात्रा का 5वां दिन, नोफ़ूकुजी मंदिर तथा कोबे बंदरगाह का किया दौरा

गांधीनगर, 30 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 के प्रमोशन के लिए जापान यात्रा पर गए गुजरात के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को ह्योगो के गवर्नर मोटोहिको सैतो के साथ मुलाक़ात की।

मुख्यमंत्री पटेल ने अपनी जापान यात्रा के 5वें दिन गुरुवार को गुजरात के प्रतिनिधिमंडल सहित जापान में ह्योगो प्रांत स्थित कोबे के सुप्रसिद्ध नोफ़ूकुजी मंदिर तथा ऐतिहासिक कोबे पोर्ट का दौरा किया। कोबे में रोक्को माउंटेन की तलहटी में स्थित कोबे बंदरगाह प्राकृतिक सौंदर्य एवं सुंदर दृश्यों से समृद्ध सबसे प्राचीन बंदरगाहों में एक है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ह्योगो में देखा था बुलेट ट्रेन का सपना

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ह्योगो के गवर्नर मोटोहिको सैतो से मुलाक़ात के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने वर्ष 2007 तथा 2012 में ह्योगो की यात्रा की थी। मोदी ने यहां से अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन का सपना देखा था। यह सपना आज भारत में आकार ले रहा है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे के अहमदाबाद-मुंबई हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का भूमिपूजन किए जाने का उल्लेख भी किया। पटेल ने कहा कि भारत और जापान दोनों के पास अपनी विरासत है। भारत में प्रधानमंत्री ने हेरिटेज के संरक्षण के साथ हेरिटेज सिटी विकसित करने के लिए विशेष पहल शुरू की है।

मुख्यमंत्री ने ह्योगो-गुजरात के संबंधों के विषय में कहा कि ह्योगो तथा गुजरात का संबंध केवल दो राज्यों तक सीमित नहीं है। गुजरात का अहमदाबाद तथा ह्योगो का कोबे सिस्टर सिटी के बॉण्ड से जुड़े हुए हैं। हाल ही में अहमदाबाद को अर्बन 20 समिट का मेज़बान बनने का अवसर मिलने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस दौरान राज्य सरकार ने मेयरल समिट में वर्ष 2070 तक नेट ज़ीरो फ़्यूचर के लिए प्रस्तुत किए गए ‘नो एन्वायर्नमेंट रेज़ीलिएंट सिटी एक्शन प्लान’ पर विचार-विमर्श किया था।

ह्योगो प्रांत की 30 कंपनियों ने किया है गुजरात में निवेश

मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि भारत में 100 स्मार्ट सिटी विकसित हो रही हैं। देश के छोटे शहरों में उत्तम सुविधाएं मिलें, इसके लिए विशेष अमृत मिशन की शुरुआत की गई है। देश के सभी बड़े शहरों में मेट्रो ट्रेन नेटवर्क विकसित हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-जापान संबंध नई ऊंचाई पर पहुंचे हैं। जापान, वाइब्रेंट समिट का लम्बे समय से सहभागी रहा है। ह्योगो प्रांत की लगभग 30 कंपनियों ने गुजरात में निवेश किया है, जो गुजरात-जापान संबंधों के लिए आनंद का विषय है।

उन्होंने कहा कि वे जापानी कंपनियों का गुजरात में स्वागत करने को उत्सुक हैं। उन्होंने ह्योगो राज्य के गवर्नर को अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 में पधारने का निमंत्रण भी दिया। ह्योगो के गवर्नर मोटोहिको सैतो ने निवेश व व्यापार तथा जापान-गुजरात के बीच ऊष्मापूर्ण संबंधों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि उनके प्रांत की और कंपनियां गुजरात में निवेश करने की इच्छुक हैं। उन्होंने आगामी वाइब्रेंट समिट में भाग लेने के प्रति भी उत्सुकता दर्शाई।

Tags: Ahmedabad