गुजरात: भाजपा महिला कार्यकर्ता की सतर्कता से वह ठगी का शिकार होने से बच गई
नवसारी, 7 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के नाम पर ठगी करने की कोशिश का एक मामला सामने आया है। ठगों ने भाजपा की एक महिला नेता के घर कैश ऑन डिलीवरी का पार्सल भेजा और इसे छुड़ाने के नाम पर 1500 रुपये की मांग की। महिला कार्यकर्ता की सतर्कता से वह ठगी का शिकार होने से बच गई।
ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच नवसारी में रहने वाली भाजपा प्रदेश मंत्री शीतल सोनी और नडियाद में रहने वाली प्रदेश मंत्री जाहन्वी व्यास के घर पार्सल भेजा गया। पार्सल भेजने वाले ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के नाम का दुरुपयोग किया। पार्सल कैश ऑन डिलीवरी होने के कारण डिलीवरी करने वाले ने उनसे 1500 रुपये की मांग की। महिला नेताओं ने शंका होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के कार्यालय में फोन कर इसकी जानकारी मांगी। कार्यालय से बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष की ओर से इस तरह कोई भी पार्सल उन्हें नहीं भेजा गया है। इसके बाद शीतल सोनी ने पार्सल अस्वीकार कर दिया। नडियाद में रहने वाली प्रदेश मंत्री जाहन्वी व्यास के घर भी इसी तरह का कैश ऑन डिलीवरी पार्सल भेजकर ठगी करने का प्रयास किया गया। वह भी अपनी सूझबूझ के कारण ठगी का शिकार होने से बच गई।