विश्व रेबीज दिवस गुरुवार को: रेबीज नियंत्रण के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का होगा संचालन
जयपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। विश्व रेबीज दिवस के उपलक्ष में जिले में 28 सितंबर से 4 अक्टूबर 2023 तक विश्व रेबीज दिवस सप्ताह का आयोजन किया जायेगा। इसके लिए जिले में जन जागरूकता प्रसारित कर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीएल मीणा ने बताया कि विश्व रेबीज दिवस के दौरान जिले में रेबीज नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए विभिन्न माध्यमों के द्वारा प्रचार प्रसार किया जायेगा। इस दौरान स्थानीय विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा तथा स्थानीय लोगों को एकत्रित कर चर्चा सहित तथा ऑनलाइन वेबिनार व प्रशिक्षण के माध्यम से जागरूकता फैलाई जायेगी। इस वर्ष विश्व रेबीज दिवस के आयोजन के लिए ‘रैबीज ऑल फोर वन, वन हेल्थ फॉर ऑल’ की थीम रखी गई है, जिसमें वन हेल्थ अप्रोच के द्वारा रेबीज को 2030 तक खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है।