गुजरात : सुरेंद्रनगर में हुआ बड़ा हादसा, वस्तडी का पुल टूटा, 4 घायल

एक डंपर, दो बाइक और पैदल जा रही महिलाएं नदी में गिरी

गुजरात : सुरेंद्रनगर में हुआ बड़ा हादसा, वस्तडी का पुल टूटा, 4 घायल

सुरेंद्रनगर के वस्ताडी के पास पुल ढहने की घटना सामने आई है। वढवान तालुका के वस्तडी और चुडा गांवों को जोड़ने वाला मुख्य पुल ढह गया है, जिससे लोगों में अफरातफरी मच गई। यह एक जर्जर पुल था, अचानक धराशायी होने से एक डंपर, दो बाइक और पैदल जा रही महिलाएं नदी में गिर गए। नदी में गिरे लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है।

खास बात यह है कि इस जर्जर पुल से कुछ महिलाएं, डंपर और बाइक चालक गुजर रहे थे, उसी वक्त पुल ढह गया। पुल ढहने से सभी नीचे गिर गए। जिससे 4 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही नदी में गिरे ड्राइवरों की तलाश शुरू कर दी गई है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 से ज्यादा लोगों के डूबने की खबर है। मौके पर सरपंच समेत नेता पहुंच गए हैं और बचाव कार्य जारी है। पुल टूटने से लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या यह पुल घटिया निर्माण के कारण टूटा है? स्थानीय लोगों ने घटिया निर्माण की शिकायत की तो प्रशासन द्वारा ध्यान न देने की बात सामने आई है।