एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी टीम की शानदार शुरुआत, उज्बेकिस्तान को 16-0 से हराया

मुकाबले में उज्बेकिस्तान की ओर से कोई भी खिलाड़ी गोल नहीं कर पाया

एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी टीम की शानदार शुरुआत, उज्बेकिस्तान को 16-0 से हराया

नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। चीन के हांगझोऊ में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2023 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। भारतीय टीम ने पूल ए में अपने पहले मुकाबले में रविवार को उज्बेकिस्तान को 16-0 के बड़े अंतर से हरा दिया। मुकाबले में उज्बेकिस्तान की ओर से कोई भी खिलाड़ी गोल नहीं कर पाया।

भारतीय टीम की ओर से वरुण कुमार ने सबसे अधिक चार गोल (12वें, 36वें, 50वें, 52वें मिनट) किए। उनके अलावा ललित कुमार उपाध्याय ने तीन गोल (7वें, 24वें, 53वें मिनट) और मनदीप सिंह ने तीन गोल (18वें, 27वें, 28वें मिनट) सुखजीत सिंह (37वें, 42वें मिनट) ने दो गोल किए। अभिषेक ने 17वें मिनट, अमित रोहिदास ने 38वें मिनट, शमशेर सिंह 43वें और संजय ने 57वें मिनट में एक-एक गोल किया।

भारतीय टीम मुकाबले में शुरुआत से उज्बेकिस्तान पर हावी रही। उज्बेकिस्तान की टीम भारतीय आक्रमण का कोई जवाब नहीं दे पा रही थी और पूरे मैच में संघर्ष करती रही। भारतीय टीम ने एक के बाद एक गोल कर उज्बेकिस्तान को 16-0 से हरा दिया। उज्बेकिस्तान की टीम एक भी गोल नहीं कर पायी। इस तरह भारतीय हॉकी टीम ने उज्बेकिस्तान को 16-0 से हराकर एशियन गेम्स 2023 में अपनी जोरदार शुरुआत की। भारतीय पुरुष हॉकी टीम अपना अगला मुकाबला सिंगापुर से खेलेगी, जो 26 सितंबर, मंगलवार को खेला जाएगा।

Tags: Delhi