हमीरपुर में 105 साल की बुजुर्ग महिला के जज्बे को सलाम

105 बसंत देख चुकी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पत्नी हुईं योग की दिवानी

हमीरपुर में 105 साल की बुजुर्ग महिला के जज्बे को सलाम

तीसरी पीढ़ी के बच्चों और बहुओं को भी नियमित योग करने के लिए कर रहीं जागरूक

हमीरपुर, 21 जून (हि.स.)। योग का कमाल ही है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पत्नी 105 साल की उम्र में खुद का सारा काम करती हैं। वह पिछले चार दशक से नियमित रूप से योग कर रही हैं। इससे न सिर्फ वह पूरी तरह से स्वस्थ रहती हैं बल्कि इतनी उम्र गुजारने के बाद आज तक चश्मा का सहारा भी नहीं लिया। बुधवार को योग दिवस पर बुजुर्ग महिला ने अपने घर में सुबह और शाम योग के कई आसन किए। उन्हें देख घर की महिलाओं और बच्चों ने भी प्राणायाम किया।

हमीरपुर जिले के मिश्रीपुर गांव निवासी विजय कुमारी पिछले कई दशकों से यहां नगर के पटकाना मुहाल में रहती हैं। इनके पति डाॅ. जयकरण सिंह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। अंग्रेजों के खिलाफ बड़ा आन्दोलन चलाने पर उन्हें बड़ी यातनाएं दी गईं थी। इनकी पत्नी विजय कुमारी 105 साल की उम्र पार कर चुकी हैं। फिर भी वह खुद ही अपना सारा काम करती हैं। पांच बेटों की मां दादी और परदादी बन चुकी हैं।

इनके परिवार में दो दर्जन से ज्यादा सदस्य हैं। एक ही बड़े मकान में सभी लोग मिलजुलकर रहते हैं। बुजुर्ग विजय कुमारी ने रोज की तरह आज योग दिवस पर कमरे में बैठकर योग और प्राणायाम किया। परिजनों ने बताया कि योग करने से ही वह पिछले चालीस सालों से स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के बच्चे योग नहीं करते हैं जिसके कारण वह जवानी में ही बूढ़े दिखने लगते है।

आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए सभी को अनलोम विलोम कम से कम बीस मिनट तक रोज करना चाहिए। इसके साथ ही पेट और शरीर को स्वस्थ रखने वाले आसन भी करने से बीमारी पास नहीं आती है। सभासद प्रतिनिधि बउआ ठाकुर ने बताया कि दादी बिना किसी के सहारे ही खुद का काम करती है। घर के सभी लोगों को भी वह योग करने के लिए जागरूक भी करती हैं।