गुवाहाटी एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, केन्द्रीय मंत्री सहित 184 यात्री थे सवार

विमान से सभी यात्रियों को उतार लिया गया

गुवाहाटी एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, केन्द्रीय मंत्री सहित 184 यात्री थे सवार

गुवाहाटी, 4 जून (हि.स.)। गुवाहाटी से डिब्रूगढ़ जा रहा इंडिगो के एक विमान में यांत्रिक गड़बड़ी आने के बाद गुवाहाटी हवाई अड्डे पर उसकी इमरजेंसी लैंडिग करानी पड़ी। इस विमान में भारत के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, विधायक तेरेस ग्वाला और विधायक प्रशांत फूकन समेत कुल 184 यात्री सवार थे।

बताया गया कि इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-2652 ने रविवार सुबह आठ बजकर 40 मिनट पर गुवाहाटी से डिब्रूगढ़ के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन टेक ऑफ के करीब 10 से 12 मिनट बाद पता चला कि विमान में कुछ यांत्रिक खराबी आ गई है। जिसके चलते विमान को वापस आना पड़ा और स्थानीय बोरझार हवाई अड्डे पर विमान की इमरजेंसी लैंडिग करायी गयी। विमान फिलहाल बोरझार हवाई अड्डे पर रनवे नंबर 8 पर खड़ा किया गया। विमान से सभी यात्रियों को उतार लिया गया। इस विमान में केन्द्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में राज्य मंत्री रामेश्वर तेली के अलावा भाजपा के दो विधायक तेरेस ग्वाला और विधायक प्रशांत फूकन समेत कुल 184 यात्री सवार थे।

एविएशन इंजीनियर की टीम विमान में इस तरह की मैकेनिकल खराबी के कारणों की जांच की। दोपहर बाद तक विमान की मरम्मत नहीं हो सकी। खबर लिखे जाने तक इंडिगो की ओऱ से यात्रियों के लिए कोई अतिरिक्त व्यवस्था नहीं की गयी, जिसके चलते यात्री काफी देर तक इंतजार करने के बाद अपनी व्यवस्था से आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गए।

Tags: Aasam