अहमदनगर को अब अहिल्या देवी नगर कहा जाएगा: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

औरंगाबाद, उस्मानाबाद के बाद अहमदनगर का भी हुआ नाम परिवर्तन

अहमदनगर को अब अहिल्या देवी नगर कहा जाएगा: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

मुंबई, 31 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि अहमदनगर को अब अहिल्या देवी नगर कहा जाएगा। सीएम शिंदे ने कहा कि उनकी सरकार आते ही औरंगाबाद का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर और उस्मानाबाद का नाम धाराशिव कर दिया गया। उनकी सरकार ने अहमदनगर का भी नाम बदलकर अहिल्यादेवी नगर करने का निर्णय लिया है।

अहमदनगर जिले के जामखेड़ तहसील में स्थित चौंडी गांव में आज अहिल्या देवी होल्कर की 298वीं जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम शिंदे ने कहा कि सरकार ने अहिल्या देवी होल्कर के नाम पर अहमदनगर जिले का नाम रखने का फैसला किया है। यह फैसला लेना हमारे सरकार का सौभाग्य है। अहिल्या देवी का काम हिमालय से भी बड़ा था। अहमद नगर जिले को उनका नाम देने से इस जिले का मान बढ़ेगा। मुख्यमंत्री शिंदे ने यह भी आश्वासन दिया कि धनगर समुदाय की सभी मांगों को एक बैठक में हल किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राजमाता अहिल्यादेवी धर्म की सच्ची रक्षक थीं। उन्होंने कई मंदिरों को बचाया। सही मायनों में उन्होंने धर्म रक्षा का काम किया। फडणवीस ने कहा कि बहुत दिनों से इस जिले को अहिल्यादेवी नगर नाम दिए जाने की मांग की जा रही है। हमारी सरकार ने छत्रपति संभाजीगर और धाराशिव नामकरण किया है। अब इस जिले का नामकरण भी किया जाएगा। फडणवीस ने यह भी कहा कि धनगर समुदाय के लाभ के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं।

इस अवसर पर अहमदनगर जिले के संरक्षक मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, सांसद सदाशिव लोखंडे, सांसद डॉ सुजय विखे पाटिल, विधायक राम शिंदे, विधायक गोपीचंद पडलकर, वरिष्ठ नेता अन्ना डांगे, रमेश शेंडगे आदि उपस्थित रहे।