फर्जी भूटानी शरणार्थी मामले में नेपाल हज समिति के अध्यक्ष शमशेर मियां गिरफ्तार

मियां कार्यवाहक हज समिति की जिम्मेदारी किसी अन्य व्यक्ति को देने के लिए गृह मंत्रालय गए थे

फर्जी भूटानी शरणार्थी मामले में नेपाल हज समिति के अध्यक्ष शमशेर मियां गिरफ्तार

काठमांडू, 18 मई (हि.स.)। फर्जी भूटानी शरणार्थियों के मामले में नेपाल हज समिति के अध्यक्ष शमशेर मियां को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें गुरुवार को काठमांडू से गिरफ्तार किया गया।

मियां कार्यवाहक हज समिति की जिम्मेदारी किसी अन्य व्यक्ति को देने के लिए गृह मंत्रालय गए थे। उन्हें वहीं से गिरफ्तार कर लिया गया और काठमांडू जिला पुलिस के पास ले जाया गया। पुलिस ने मियां की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस जांच में सामने आया कि हज समिति की गाड़ी का इस्तेमाल फर्जी शरणार्थी बनाने के लिए किया जाता था।

मियां को तत्कालीन गृह मंत्री राम बहादुर थापा बादल ने 2020 में हज समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया था। बालकृष्ण खंड के गृह मंत्री बनने के बाद भी मियां अध्यक्ष बने रहे। हर साल हज के लिए सऊदी अरब जाने वाले मुसलमानों के प्रबंधन के लिए नेपाल में गृह मंत्रालय के तहत एक हज समिति है। फर्जी शरणार्थियों के मामले में अब तक पूर्व उप प्रधानमंत्री टोप बहादुर रायमाझी, पूर्व गृह मंत्री बालकृष्ण खंड, पूर्व सांसद डॉ. इंद्रजीत राय, अंगटेवा शेरपा समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Tags: Nepal