रिहा होंगे पाकिस्तानी जेल में बंद 199 भारतीय मछुआरे

 कराची में एक भारतीय कैदी की मौत के बाद लिया गया फैसला

रिहा होंगे पाकिस्तानी जेल में बंद 199 भारतीय मछुआरे

इस्लामाबाद, 08 मई (हि.स.)। पाकिस्तान की जेल में बंद 199 भारतीय मछुआरे जल्द ही रिहा होंगे। बीते दिनों कराची में बंद एक भारतीय कैदी की मौत के बाद यह फैसला लिया गया है।

पिछले दिनों पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय कैदी जुल्फिकार की तबियत बिगड़ने पर उसे कराची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी थी। जांच में पता चला था कि फेफड़ों के संक्रमण की वजह से जुल्फिकार की मौत हुई।

जुल्फिकार की मौत के बाद पाकिस्तान सरकार ने यहां की जेल में बंद 199 भारतीय मछुआरों को रिहा करने का फैसला किया है। बताया गया है कि सद्भावना के तहत पाकिस्तान की सरकार इन भारतीय मछुआरों को जेल से रिहा करेगी। इन कैदियों को कराची की जेल से लाहौर भेजा जाएगा और लाहौर से वाघा बॉर्डर के जरिए भारत वापसी होगी।

कराची के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी काजी नजीर ने बताया कि संबंधित मंत्रालय से भारतीय कैदियों को रिहाई का आदेश आया है। शुक्रवार यानी 12 मई को इन कैदियों को रिहा कर लाहौर भेजा जाएगा।

पाकिस्तान की जेलों में कैदियों के कल्याण के लिए काम करने वाली पाकिस्तानी संस्था ईदी वेलफेयर ट्रस्ट भारतीय कैदियों को लाहौर ले जाने का इंतजाम करेगी। ट्रस्ट के अधिकारियों ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की जेलों के हालात बेहद खराब हैं। यहां डॉक्टरों और इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसकी वजह से कैदी बीमार पड़ते हैं और कई बार उनकी मौत भी हो जाती है।

Tags: Pakistan