गुजरात: पहली बार 4 जोन में वाइब्रेंट समिट, अगले साल जनवरी में होगा आयोजन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते वाइब्रेंट समिट शुरू किया गया था

गुजरात: पहली बार 4 जोन में वाइब्रेंट समिट, अगले साल जनवरी में होगा आयोजन

अहमदाबाद, 1 मई (हि.स.)। राज्य में चार साल बाद वाइब्रेंट समिट का आयोजन जनवरी 2024 में होगा। पहली बार एक जगह के बजाए 4 अलग-अलग जोन में वाइब्रेंट समिट का आयोजन होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते वाइब्रेंट समिट शुरू किया गया था। इसके बाद यह कुछ वर्षों के अंतराल पर ग्लोबल व देश के इन्वेस्टर्स को आकर्षित करने के लिए इसका आयोजन किया जाता रहा है। इस बार 4 जोन यानी सौराष्ट्र, कच्छ, दक्षिण गुजरात और उत्तर गुजरात में वाइब्रेंट समिट किया जाएगा।

लोकसभा चुनाव से पहले वर्ष 2024 के जनवरी में गुजरात में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जाएगा। उद्योग मंत्री बलवंत सिंह राजपूत ने बताया कि गुजरात सरकार ने वाइब्रेंट समिट को लेकर योजना बनाई है। हालांकि इसकी तारीख बाद में तय की जाएगी। इस बार भव्य आयोजन किया जाएगा।

इससे पूर्व गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले गांधीनगर महात्मा मंदिर में वाइब्रेंट समिट की तैयारी की गई थी। इसमें 30 देशों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण इसे अंतिम क्षणों में रद्द कर दिया गया था। इससे पूर्व वर्ष 2019 में वाइब्रेंट समिट किया गया था।