मुख्यमंत्री ने नक्सली हमले में बलिदानी जवानों के पार्थिव शरीर को कंधा देकर विदा किया

सीएम बघेल ने बलिदानियों को नमन करते हुए उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पगुच्छ अर्पित किया

मुख्यमंत्री ने नक्सली हमले में बलिदानी जवानों के पार्थिव शरीर को कंधा देकर विदा किया

दंतेवाड़ा, 27 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अरनपुर नक्सली हमले में बलिदान देने वाले डीआरजी के जवानों के पार्थिव शरीर को कंधा देकर उनके पैतृक गांवों के लिए विदा किया। वह श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार को जिला मुख्यालय के कारली पुलिस लाइन पहुंचे। उन्होंने बलिदानियों को नमन करते हुए उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पगुच्छ अर्पित किया।

मुख्यमंत्री बघेल ने शहीद जवानों के परिजनों से भेंटकर शोक संवेदना प्रकट की और ढांढस बंधाया। इस अवसर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, बस्तर सांसद दीपक बैज, सांसद फूलोदेवी नेताम, बीजापुर विधायक विक्रम मडावी, दंतेवाड़ा विधायक देवती कर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष तूलिका कर्मा, डीजीपी अशोक जुनेजा, एडीजी नक्सल विवेकानंद सिन्हा, बस्तर कमिश्नर श्याम धावड़े, आईजी बस्तर सुंदरराज पी., कलेक्टर विनीत नन्दनवार, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।

दरअसल, 26 अप्रैल को नक्सली हमले में डीआरजी के 10 जवान और एक वाहन चालक बलिदान हुए हैं। सभी जवान एक पिकअप वाहन में सवार थे। डीआरजी के जवान एक ऑपरेशन से लौट रहे थे, इसी दौरान नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट कर दिया। बलिदान देने वाले जवानों में जोगा सोढ़ी पोलमपल्ली सुकमा, मुन्ना कड़ती तुमनार दंतेवाड़ा, संतोष तामो भांसी दंतेवाड़ा, दुलगो मंडावी कटेकल्याण दंतेवाड़ा, लखमू राम मडक़ामी भैरमगढ़ बीजापुर, जोगा कवासी कटेकल्याण दंतेवाड़ा, हरिराम कटेकल्याण दंतेवाड़ा, जयराम पोडियाम कटेकल्याण दंतेवाड़ा, जगदीश कुमार कोवासी कटेकल्याण दंतेवाड़ा, राजू राम करटम कटेकल्याण दंतेवाड़ा और वाहन चालक धनीराम यादव गीदम दंतेवाड़ा हैं।