गुजरात : मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे पांच अधिकारियों का स्थानांतरण

लंबे समय से संभाल रहे थे मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था

अहमदाबाद, 26 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात के मुख्यमंत्री सुरक्षा से जुड़े पांच पुलिस उपाधीक्षक का स्थानांतरण कर दिया गया है। ये सभी लंबे समय से मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े थे। इन पांच अधिकारियों के एक साथ बदलने को लेकर कई तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। इन अधिकारियों के स्थान पर नए अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है।

राज्य के पुलिस महानिरीक्षक प्रशासन ब्रिजेश कुमार झा के आदेश पर मुख्यमंत्री सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पांच पुलिस उपाधीक्षक बदले गए हैं। कुलदीप शर्मा सीएम सिक्युरिटी-1 सुरक्षा विभाग में बदली की गई है। यह पहले कच्छ के भचाउ में बटालियन क्वार्टर मास्टर, राज्य के आरक्षित पुलिस दल समूह 16 में तैनात थे। वहीं डीवी पटेल आईबी सब सेंटर और सीएम सिक्युरिटी गांधीनगर में लाए गए हैं। यह पहले हथियार प्रशिक्षण अहमदाबाद में थे। पीडी वाघेला सीएम सिक्युरिटी-3 को सुरक्षा शाखा गांधीनगर में लाया गया है। यह पहले खेडा में कार्यरत थे। इसके अलावा एचवी चौधरी आईबी सब सेंटर और सीएम सिक्युरिटी गांधीनगर में तैनात किया गया है। यह पहले अहमदाबाद में कार्यरत थे। आरएल बारड को सीएम सिक्युरिटी-2 सुरक्षा शाखा गांधीनगर में नियुक्त किया गया है। यह पहले चेतक कमांडो फोर्स यूनिट-3 गांधीनगर में तैनात थे।