प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे चंडीगढ़, प्रकाश सिंह बादल को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में बदलाव करके चंडीगढ़ पहुंचे

प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे चंडीगढ़, प्रकाश सिंह बादल को दी श्रद्धांजलि

चंडीगढ़, 26 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन के बाद बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हें श्रद्धांजलि भेंट करने के लिए चंडीगढ़ पहुंचे। प्रधानमंत्री अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में बदलाव करके चंडीगढ़ पहुंचे।

यहां हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की। प्रधानमंत्री चंडीगढ़ स्थित टेक्निकल एयरपोर्ट से सीधे अकाली दल कार्यालय पहुंचे और यहां प्रकाश सिंह बादल के अंतिम दर्शन के बाद सुखबीर बादल व अन्य परिजनों से मिले। प्रधानमंत्री ने बादल परिवार के साथ करीब दस मिनट का समय व्यतीत किया।

प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार की रात मोहाली के फोर्टिस हार्ट अस्पताल में निधन हो गया था। बादल के निधन के बाद बुधवार की सुबह उनका पार्थिव शरीर चंडीगढ़ स्थित अकाली दल मुख्यालय में रखा गया। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रकाश सिंह बादल के अंतिम दर्शन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इससे पहले पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला, पटियाला की सांसद परनीत कौर, हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता, पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल चीमा और हरजोत बैंस ने उन्हें श्रद्धांजलि भेंट की।

बादल को श्रद्धांजलि भेंट कर भावुक हुए चौटाला

बादल और चौटाला की दोस्ती हरियाणा व पंजाब की राजनीति में एक मिसाल रही है। स्वर्गीय देवीलाल ने प्रकाश सिंह बादल की बेटी का कन्यादान किया था। दोनों परिवारों में जब-जब राजनीतिक संकट आया तो बादल व चौटाला ने एक-दूसरे का साथ दिया। सक्रिय राजनीति से बाहर होने के बाद बादल व चौटाला पिछले दो सालों से अक्सर तेजा खेड़ा फार्म हाउस पर इकट्ठा होते थे। बुधवार को प्रकाश सिंह बादल को श्रद्धांजलि भेंट करने के बाद ओम प्रकाश चौटाला भावुक हो गए और अपने आंसू को रोक नहीं पाए।