भारत ने अरुणाचल प्रदेश में स्थानों का नाम बदलने के चीन के प्रयास को कर दिया खारिज

अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविच्छेद्य अंग : भारत सरकार

भारत ने अरुणाचल प्रदेश में स्थानों का नाम बदलने के चीन के प्रयास को कर दिया खारिज

भारत सरकार ने अरुणाचल प्रदेश में 11 स्थानों का नाम बदलने के चीन के प्रयास को खारिज कर दिया है। राज्य पर दावा करने के चीन के प्रयासों को भारत द्वारा खारिज किया जा रहा है। इस बारे में विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविच्छेद्य अंग है। यह पहली बार नहीं है जब चीन ने इस तरह की कोशिश की है और भारत ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। 

चीन ने तीसरी बार की ये गलती

आपको बता दें कि चीन द्वारा जारी नामों की सूची में पांच पर्वत शिखर, दो भूमि क्षेत्र, दो आवासीय क्षेत्र और दो नदियां शामिल हैं। यह तीसरी बार है जब चीन ने अरुणाचल प्रदेश में स्थानों का नाम बदला है, जिसे वह "तिब्बत का दक्षिणी भाग ज़ंगनान" कहता है।

विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ने क्या कहा

विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, 'हमने ऐसी खबरें देखी हैं। यह पहली बार नहीं है जब चीन ने इस तरह का प्रयास किया है। हम इसे सिरे से खारिज करते हैं। अरुणाचल प्रदेश भारत का अविच्छेद्य भाग है और आविष्कृत नामों को निर्दिष्ट करने का प्रयास इस वास्तविकता को नहीं बदलेगा।"