देहरादून हाईवे : रोडवेज की एक बस खाई में गिरी, दर्दनाक हादसे में दो की मौत

जानकारी के मुताबिक 40 यात्री सवार बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में फंस गई

 रविवार दोपहर मसूरी देहरादून हाईवे पर रोडवेज की एक बस खाई में गिर जाने से दर्दनाक हादसा हो गया। इससे घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। हादसे में दो महिलाओं के मारे जाने की खबर है जबकि कई अन्य के घायल होने की खबर है। 19 घायलों को इलाज के लिए देहरादून के अस्पताल में भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक इस बस में करीब 40 यात्री सवार थे। बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में फंस गई। आईटीबीपी के जवान और पुलिस सहित स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से बाहर निकाला।  

बढ़ सकता है मरने वालों का आंकड़ा, हाईवे पर जाम

आपको बता दें की बस हादसा मसूरी से पांच किमी पहले मसूरी देहरादून हाईवे पर शेर घड़ी के पास हुआ है। इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस- प्रशासन की टीम मौके पर राहत-बचाव कार्य में लगी है। कुछ घायलों को मसूरी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मरने वालों की संख्या भी बढ़ी है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गए। रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कत आ रही है।

सीएम ने जताया दुख

हादसे में घायल 22 लोगों को मसूरी में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि सात मैक्स में भर्ती हैं। इनमे से दो की मौत बताई जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख जाहिर करते हुए कहा कि-   देहरादून-मसूरी हाइवे पर बस के खाई में गिरने का समाचार अत्यंत दु:खद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। सम्बंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार हेतु निर्देशित किया गया है।