सोशल मीडिया पर छाई गलवान घाटी में क्रिकेट खेल रहे सैनिकों की तस्वीरें

सोशल मीडिया पर छाई गलवान घाटी में क्रिकेट खेल रहे सैनिकों की तस्वीरें

तस्वीरों को साझा करते हुए भारतीय सेना ने ट्वीट किया, 'हम असंभव को संभव करते हैं।'

देश की सीमाओं पर खड़े हमारे वीर सैनिक हर परिस्थति में देश की रक्षा करते है। आज के समय लोग इन जवानों की बहुत कद्र करते हैं। अब सोशल मीडिया पर भारतीय जवानों की कुछ तस्वीरें शेयर की जा रही हैं। इस तस्वीर में भारतीय सैनिक क्रिकेट खेलते नजर आ रहे हैं। इस बारे में मिली जानकारी के अनुसार भारतीय सैनिकों ने आज गलवान घाटी में उसी जगह क्रिकेट खेला जहां कुछ साल पहले चीनी सैनिकों के साथ खूनी संघर्ष हुआ था। इन तस्वीरों को साझा करते हुए भारतीय सेना ने ट्वीट किया, 'हम असंभव को संभव करते हैं।'

दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की हुई दिल्ली में मुलाकात

आपको बता दें कि नई दिल्ली में जी-20 सम्मेलन के दौरान भारत और चीन के विदेश मंत्रियों ने विदेश नीति पर चर्चा की और उनके हाथ मिलाने के एक दिन बाद भारतीय सेना ने ये तस्वीरें जारी की हैं, जिससे चीन को भारत के पूर्ण विश्वास का अंदाजा हो गया होगा। बता दें कि जी-20 सम्मेलन के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत-चीन संबंधों को 'असामान्य' बताया था।

पूर्वी लद्दाख में चीन से झड़प हुई थी

गौरतलब है कि भारतीय सेना द्वारा जारी की गई तस्वीरों में भारतीय सेना पूर्वी लद्दाख में क्रिकेट खेलती नजर आ रही है। पूर्वी लद्दाख मई 2020 से चीन और भारत के बीच संघर्ष का केंद्र रहा है। झड़प के कारण दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव भी हुआ है। हालांकि, भारतीय सेना ने उस इलाके का खुलासा नहीं किया है, जहां जवान क्रिकेट खेल रहे हैं। जिस स्थान पर भारतीय सेना के जवान क्रिकेट खेल रहे हैं वह पेट्रोल प्वाइंट 14 से लगभग 4 किमी दूर है। पेट्रोल प्वाइंट वही जगह है, जहां जून 2020 में चीनी सेना ने भारतीय जवानों पर धोखे से हमला किया था। इस हमले में देश के 20 जवानों की जान चली गई थी।