भारत -ऑस्ट्रेलिया तीसरा टेस्ट : हार के कगार पर पहुंची भारत, मेहमान टीम को जीत के लिए चाहिए बस 76 रन
अपनी दूसरी पारी में भी दो सौ के अन्दर सिमटी भारत, पुजारा ने संघर्ष करते हुए जड़ा अर्धशतक, नाथन लायन को मिले आठ विकेट
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में भारत हार के मुहाने पर खड़ी है। दुसरे दिन के खेल में पहले ऑस्ट्रेलिया को सस्ते में निपटाने के बाद भारत भी जल्दी वापस लौट गई। भारत ने दूसरी पारी में 163 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया के सामने 76 रन का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर 88 रनों की बढ़त मिली थी। अब ऑस्ट्रेलिया को मैच के बाकी के तीन दिनों में मात्र 76 रन बनाने हैं और अभी उनकी पारी शुरू भी नहीं हुई है!
मात्र दो दिन में गिरे 30 विकेट, 26 विकेट स्पिनर्स को
आपको बता दें कि इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में दोनों ही दिन गेंदबाजों का बोलबाला रहा। टेस्ट मैच के पहले दिन 14 और दुसरे दिन 16 विकेट गिरे। इसमें से सिर्फ चार विकेट तेज गेंदबाजों को जबकि बाकि 26 विकेट स्पिनर्स को मिले हैं। पहले दिन भारतीय पारी को जल्दी समेटने के बाद बढ़त लेकर वापस लौटी औसी टीम ने आज के खेल की शुरुआत बड़ी बढ़त की उम्मीद के साथ खेलना शुरू किया पर भारतीय गेंदबाज उमेश यादव और टेस्ट के नंबर एक गेंदबाज आश्विन ने मेहमान टीम के इरादों पर पानी फेर दिया और पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम दो सौ से तीन रन पहले ही सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 197 रन बनाए थे। कंंगारुओं को 88 रन की बढ़त मिली थी।
एक बार फिर नहीं चले भारतीय बल्लेबाज, पुजारा का जुझारु अर्द्धशतक
इसके बाद अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से उतरी भारतीय टीम बहुत कुछ खास नहीं कर पाई और पहली पारी की ही तरह दो सौ के भीतर ही सिमट गई। दूसरी पारी में भारत की शुरुआत खराब रही थी। भारत की दूसरी पारी में मात्र चेतेश्वर पुजारा ने कुछ कौशल दिखाया और शानदार अर्द्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा श्रेयस अय्यर ने 27 गेंदों में 26 रन बनाए। पुजारा ने टेस्ट करियर का 35वां और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 16वां अर्धशतक जड़ा। पुजारा 142 गेंदों पर 59 रन की जुझारू पारी खेल आउट हुए। वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन लियोन ने दूसरी पारी में टेस्ट करियर की दूसरी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए 64 रन देकर आठ विकेट झटके। लियोन के अलावा मिचेल स्टार्क और कुह्नेमैन को एक-एक विकेट मिला।
आश्विन-उमेश ने कंगारुओं को जल्दी समेटा
इससे पहले भारत के लिए आज अश्विन और उमेश यादव ने तीन-तीन विकेट, जबकि जड़ेजा ने चार लिए। उमेश और आश्विन का कहर ऐसा था कि भारत ने 34 गेंदों के अंदर और 11 रन के भीतर ऑस्ट्रेलिया के आखरी छह बल्लेबाजों को पवेलियन वापस भेज दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए उस्मान ख्वाजा ने 60, मार्नस लाबुशेन ने 31, स्टीव स्मिथ ने 26 और कैमरन ग्रीन ने 21 रन बनाएं।
