
मध्य प्रदेश बस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने की मुआवजे की घोषणा
कोल महाकुंभ में भाग लेकर लौटते वक्त रात को हुआ था हादसा
सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश में सीधी बस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है, क्योंकि अधिक पीड़ितों ने दम तोड़ दिया है। रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में इलाज करा रहे 39 घायल यात्रियों में से छह की हालत गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना शुक्रवार देर रात उस समय हुई जब सतना में 'कोल महाकुंभ' कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोग तीन बसों में अपने घरों को लौट रहे थे। बसें सीधी में एक सुरंग के पास सड़क किनारे एक रेस्तरां में खड़ी थीं, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। बता दें कि इस महाकुंभ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित रहे थे।
#Sidhi road accident: Madhya Pradesh CM @ChouhanShivraj announces Rs 10 lakh ex-gratia #SidhiBusAccident pic.twitter.com/UibJhV6ZUg
— DD News (@DDNewslive) February 25, 2023
हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री शिवराज चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी. शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल का भी दौरा किया, जहां घायल यात्रियों को भर्ती कराया गया था और प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की। सरकार मृतक के परिवारों के लिए नौकरी भी देगी और सभी चिकित्सा खर्च वहन करेगी। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायल यात्रियों को एक लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को भी पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। दुर्घटना से राज्य में शोक की लहर है और सरकार ने गहन जांच का वादा किया है।