अहमदाबाद : कुएं में गिरी कार, निजी बस पलटी, दो की मौत, 20 से अधिक घायल

राज्य में दो हादसे, कोडिनार में कुएं में गिरी कार, लिंबडी के पास निजी बस पलटी

 पिछले काफी समय से राज्य में हादसे बढ़ रहे हैं। दो दिन पहले पाटन के बड़ी पिपली में जीप और ट्रक के बीच टक्कर हो गई थी। अब शुक्रवार को प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर दो हादसे हो गए। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

कोडिनार में कार कुएं में गिर गई

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जूनागढ़ जिले के कोडिनार के फचरिया गांव के पास गुरुवार को रात्रि करीब 10 बजे कार एक कुएं में गिर गई थी, जिसमें सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। शुक्रवार को सुबह रेस्क्यू किया गया। मृतक दोनों युवक वडनगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

लिंबडी-अहमदाबाद हाईवे पर बस पलट गई

अभी कुछ दिन पहले लिंबडी-अहमदाबाद मार्ग पर हादसे हुए थे। वहीं शुक्रवार को एक और हादसा हुआ, जिसमें एक निजी बस चालक के नियंत्रण खो देने पलट गई। इस हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। इन सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हादसे के कारण हाईवे पर ट्राफिक जाम लग गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई की।

Tags: