गुजरात : जेसीबी पर निकली दुल्हे की बारात!

गुजरात : जेसीबी पर निकली दुल्हे की बारात!

दुल्हे ने सोचा कुछ अलग करते हैं और फिर ये तरीका अपनाया

शादियों का मौसम चल रहा है। युवक-युवतियां जन्मों-जन्म साथ रहने की कस्में खाते हुए विवाह-सूत्र में बंध रहे हैं। वैसे शादी का सबसे अहम हिस्सा बारात निकासी होता है और आम तौर पर घोड़े, बग्गी या कार में सवार होकर दुल्हा अपनी बारात निकालता है और दुल्हन के घर या विवाह स्थल पर पहुंचता है। लेकिन हम आपको आज एक ऐसी बारात के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसमें दुल्हा जेसीबी मशीन पर सवार होकर विवाह रचाने निकला। 

गुजरात के नवसारी जिले के कलियारी गांव में दुल्हा केयुर पटेल जेसीबी मशीन पर सवार होकर शादी करने निकला। आगे-आगे जेसीबी मशीन पर सवार होकर दुल्हा जा था और उसके साथ उसके दो परिजन बैठे हुए थे। बारात में शामिल लोग जेसीबी मशीन के आगे-पीछे कदमताल कर रहे थे। बीच-बीच में जेसीबी को रोक कर बाकायदा बाराती नाच-गान भी करते दिखे। जब बारात अपने गंतव्य पर पहुंच गई तो दुल्हे के दोस्तों ने दुल्हे को जेसीबी से उतार कर कंधे पर बैठाया और खूब नाचे। जिस जिस जगह से बारात गुजरी, आसपास मौजूद लोगों को भी ये दृश्य देखकर हैरानी हो रही थी। लोग इस बारात का वीडियो भी बना रहे थे।

दुल्हे राजा केयुर पटेल ने मीडिया को बताया कि लक्जरी गाड़ियों या घोड़े पर सवार होकर तक सभी शादी करने जाते हैं। वे इस मामले में कुछ नया करना चाहते थे और उन्होंने सोशल मीडिया पर कहीं इसी प्रकार जेसीबी पर बारात निकलने का दृश्य देखा था। उसी से प्रेरणा लेकर उन्होंने भी अपनी शादी में यही तरीका अपनाया।