गुजरात : सूदखोरों के खिलाफ कुल 847 शिकायतें दर्ज, 1039 आरोपी गिरफ्तार

गुजरात : सूदखोरों के खिलाफ कुल 847 शिकायतें दर्ज, 1039 आरोपी गिरफ्तार

अब तक पूरे गुजरात में पुलिस द्वारा 2389 लोक दरबार आयोजित किए जा चुके हैं

गृह विभाग ने राज्य में सूदखोरों के खिलाफ एक विशेष राज्यव्यापी अभियान चलाया था। इस अभियान के तहत राज्य भर में लोकदरबार आयोजित किए गए। जिसमें सूदखोरी से पीड़ित लोगों ने अपनी आपबीती सुनाई। उसके आधार पर पुलिस तंत्र ने 5 जनवरी से 31 जनवरी तक 27 दिनों के भीतर कुल 847 प्राथमिकी दर्ज कर 1 हजार 481 अभियुक्तों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। इनमें 1039 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है और सूदखोरों के खिलाफ 27 मुकदमे प्रस्तावित हैं।

राज्य में कुल 847 प्राथमिकी दर्ज की गईं

पुलिस ने 5 जनवरी से 31 जनवरी तक राज्य भर में 1481 आरोपियों के खिलाफ कुल 847 प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें 1039 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस अभियान के दौरान पुलिस द्वारा कुल 2 हजार 389 लोकदरबार आयोजित किए गए हैं। लोक दरबार में कुल 14 हजार 619 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा कुल 1 लाख 29 हजार 488 व्यक्ति प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। आरोपियों के शिकार हुए लोगों की वस्तुएं मिले इसकी कार्रवाई की गई है। प्रदेश के हजारों लोगों को सूदखोरी के संकट से बचाया गया है। ​​

पुलिस अब जरूरतमंदों को कर्ज मुहैया कराएगी

इसके अलावा सभी पुलिस आयुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों द्वारा अपने मुख्यालय पर विशेष शिविर लगाकर जरूरतमंद आम नागरिकों को ऋण दिलाने में मदद की जायेगी। राष्ट्रीयकृत बैंकों-सहकारी बैंकों के प्रतिनिधियों, जिला उद्योग केन्द्र के अधिकारियों एवं ऐसी ऋण सहायता प्रदान करने वाले अन्य सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिला मुख्यालयों पर जरूरतमंद नागरिकों को एकत्रित करने हेतु राज्य व्यापी कार्यक्रम के तहत शिविर का आयोजन किया जाएगा।