महिला ने कार पर युवक को घसीटा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

महिला ने कार पर युवक को घसीटा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

बेंगलुरु की घटना; पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कीं

बेंगलुरु में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां कार सवार एक महिला एक शख्स को अपनी कार के बोनट पर करीब एक किलोमीटर तक घसीटती रही। ये पूरी घटना बेंगलुरु के जनाना भारती नगर की है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऐसी घटनाएं अब लगातार हो रही हैं।

पुलिस को दी अपनी शिकायत में पीड़ित युवक दर्शन ने कहा है कि आरोपी महिला प्रियंका ने कथित तौर पर पहले उनकी मारुति स्विफ्ट कार को टाटा नेक्सॉन कार से टक्कर मारी थी। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो जाती है। कहासुनी के दौरान महिला ने अपनी कार का इंजन चालू किया और कार से दर्शन को टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक कार की टक्कर से युवक बोनट पर गिर गया। लेकिन बोनट पर गिरने के बाद भी महिला ने अपनी कार नहीं रोकी और करीब एक किलोमीटर तक गाड़ी चलाती रही।

यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसमें कार के बोनट पर युवक साफ देखा जा सकता है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच की है। कार के नंबर से आरोपी का पता लगाया जा रहा है। 

इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज किया है। प्रियंका और दर्शन समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्रियंका के खिलाफ हत्या के प्रयास का भी मामला दर्ज किया है। वहीं, दर्शन और उसके दोस्तों के खिलाफ धारा 354 के तहत मामला दर्ज किया गया है जिन्होंने प्रियंका की गाड़ी के साथ तोड़फोड़ की थी।