बिहार : बक्सर से पटना लौटते वक्त केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के काफिले की पुलिस की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, कोई हताहत नहीं

बिहार : बक्सर से पटना लौटते वक्त केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के काफिले की पुलिस की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, कोई हताहत नहीं

घटना स्थल पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ता और जवानों ने तुरंत हादसे का शिकार पुलिस की गाड़ी में बैठे कर्मियों को रेस्क्यू किया, घायल पुलिसकर्मी चिकित्सारत

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे सड़क हादसे में बाल-बाल बचे हैं। हादसा बक्सर से पटना लौटते समय हुआ। काफिले में चल रही डुमरांव के मथिला-नारायणपुर मार्ग पर कारासराय थाने की कार पुलिया की नहर में पलट गई। उसके पीछे मंत्री जी की गाड़ी चल रही थी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी अपनी इनोवा कार में सफर कर रहे थे। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। हादसा रविवार रात को हुआ। इस घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।

इस सड़क हादसे में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस वाहन का चालक भी घायल हो गया। ये सभी केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा में लगे थे। दो पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। सभी का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। घायलों को केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने अपनी निगरानी में अस्पताल पहुंचाया। जो दो जवान ज्यादा घायल हैं उन्हें पटना रेफर कर दिया गया है।

मंत्री अश्विनी चौबे ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डुमरांव में मथिला-नारायणपुर मार्ग पर कोरानसराय थाने की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। प्रभु श्रीराम की कृपा से सभी सकुशल हैं। घायल पुलिसकर्मियों और चालक को डुमराव सदर अस्पताल ले जाया जा रहा है। जिसके बाद मंत्री अश्विनी चौबे ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान वे खुद वहीं खड़े रहे। मंत्री ने कहा कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं।

उन्होंने कहा, सभी ने जो बहादुरी दिखाई है, उसके लिए मैं सभी का शुक्रिया अदा करता हूं। नहर में पलटी कार से पुलिसकर्मियों को निकालने में भाजपा कार्यकर्ता अजय तिवारी, बॉडीगार्ड नागेंद्र कुमार चौबे, मोहित कुमार, धनेश्वर कुमार, कुंजबिहारी ओझा, एएसआई जयराम कुमार, मुकेश कुमार, सुजय कुमार, प्रेमकुमार सिंह की अहम भूमिका रही। मंत्री ने इनाम देने की बात कही।