भारत जोड़ो यात्रा से आई बुरी खबर; जालंधर के सांसद चौधरी संतोख सिंह का निधन

भारत जोड़ो यात्रा से आई बुरी खबर; जालंधर के सांसद चौधरी संतोख सिंह का निधन

सांसद के बीमार होते ही राहुल गांधी ने तुरंत यात्रा को रोका और अस्पताल पहुंचे

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से मकरसंक्रांति की सुबह एक बुरी खबर आई है। यात्रा में राहुल गांधी के साथ शामिल हुए पंजाब के जालंधर से कांग्रेस के सांसद चौधरी संतोख सिंह का निधन हो गया है। यात्रा के दौरान वे अचानक बीमार पड़ गये। यात्रा के साथ चल रही एंब्यूलेंस से उन्हें तुरंत फगवाड़ा के विर्क अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। बताया गया है कि उन्हें हार्ट एटैक आया था।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह ने बताया कि दिवंगत का अंतिम संस्कार कल उनके गांव में किया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संतोख सिंह जब यात्रा में चल रहे थे तब अचानक उनकी दिल की धड़कनें बढ़ गईं। उनकी हालत बिगड़ने पर जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो राहुल गांधी ने तुरंत यात्रा को रोका और वे भी अस्पताल गये। अभी आधिकारिक रूप से कांग्रेस पार्टी की ओर से पता नहीं चला है कि आज यात्रा को रोका जायेगा या फिर राहुल गांधी फिर यात्रा में शामिल होंगे। 

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सांसद संतोख सिंह के आकस्मिक निधन पर शोक प्रकट किया है।

वैसे बता दें कि यात्रा सुबह 7 बजे लुधियाना के लोडोवाल से शुरु हुई थी और सुबह 10 बजे जालंधर के गोराया पहुंचना था। दोपहर 3 बजे यात्रा फिर शुरु होती और शाम 6 बजे फगवाड़ा के बस स्टेशन के पास रुकना था। यात्रा का रात्रि विश्राम कपूरथला में कोनिका रिसोर्ट के पास मेहत गांव में थे। हो सकता है दोपहर तक यात्रा के संबंध में आधिकारिक सूचना मिले। 

सनद रहे कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का समापन श्रीनगर में आगामी 30 जनवरी को होगा। श्रीनगर के लाल चौक पर राहुल गांधी तिरंगा फहरायेंगे। कांग्रेस ने इस अवसर पर 21 विपक्षी दलों को भी आमंत्रित किया है।