उड़ीसा : छात्रों पर चढ़ा हॉकी विश्व कप का खुमार, स्क्रेप से बना डाली दुनिया की सबसे लम्बी हॉकी स्टिक प्रतिकृति

उड़ीसा : छात्रों पर चढ़ा हॉकी विश्व कप का खुमार, स्क्रेप से बना डाली दुनिया की सबसे लम्बी हॉकी स्टिक प्रतिकृति

ब्रह्मपुर आईटीआई के कम से कम 300 छात्रों ने एक साथ मिलकर स्क्रैप से 43 फीट की दो हॉकी स्टिक बनायी

भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम और राउरकेला के बिरसा मुंडा इंटरनैशनल स्टेडियम में 13 जनवरी से पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 2023 शुरू होने जा रहा है। भारत लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है। ऐसे में ओडिशा में दो दिन बाद शुरू होने वाले पुरुष हॉकी विश्व कप-2023 की खुमारी खेलप्रेमियों के सिर चढ़कर बोलने लगी है। इसकी खुमारी के कारण गंजाम जिले के ब्रह्मपुर आईटीआई के कम से कम 300 छात्रों ने एक साथ मिलकर स्क्रैप से 43 फीट की दो हॉकी स्टिक बनायी है। इसमें  वाहनों, मोटर के पुर्जों, साइकिल की चेन और क्रैंक के स्क्रैप का उपयोग किया गया है। 

स्क्रेच से बनी दुनिया की सबसे बड़ी हॉकी स्टिक

आपको बता दें कि इन दो हॉकी स्टिक के साथ साथ छात्रों ने हॉकी की एक बड़ी गेंद भी बनाई है। इन चीजों को बनाने के लिए सिर्फ और सिर्फ कबाड़ का इस्तेमाल हुआ है। इन छात्रों का दावा है कि यह दुनिया में अब तक की सबसे लंबी हॉकी स्टिक है और अब ये छात्र इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान दिलाना चाहते हैं। बताया जाता है कि इन छात्रों में फिटर, वेल्डर, पेंटर और इलेक्ट्रीशियन शामिल हैं। इनको इसको अंतिम रूप देने में कम से कम एक सप्ताह का समय लगा।

विश्व कप मेजबानी के खास मौके पर कुछ विशेष करना चाहते थे हम-छात्र

इस बारे में एक छात्र चिन्मय कुमार दाश ने कहा कि उड़ीसा लगातार दूसरी बार हॉकी विश्व कप की मेजबानी कर रहा है। ये बहुत खास मौका है इसलिए हमने कुछ अनोखा करने का फैसला किया। इस काम में प्रिंसिपल ने उचित मार्गदर्शन दिया और हमने 43 फीट की दो हॉकी स्टिक बनाई है। इसे विश्व कप शुरू होने से पहले आईटीआई कॉलेज के परिसर के अंदर स्क्रैप आर्ट पार्क में स्थापित किया जाएगा।

कौशल को बढ़ावा देना हमारा उद्देश्य-प्रोफेसर

इस बारे में छात्रों के प्रोफेसर रंजन स्वाईं ने कहा कि ये छात्र स्क्रैप टू वेल्थ के बारे में सीख रहे है। हमारा विचार कौशल को बढ़ावा देना और ओडिशा में लोगों के लिए नौकरी के अवसर पैदा करना है। हम यह भी फैलाना चाहते हैं कि सुंदर सजावटी सामान बनाने के लिए स्क्रैप का भी सही तरीके से उपयोग किया जा सकता है। यह न केवल छात्रों को आत्मविश्वास देगा, बल्कि राज्य के आर्थिक विकास को भी बढ़ावा देगा। गौरतलब है कि प्रीमियर हॉकी विश्व कप टूर्नामेंट का 15वां संस्करण के मैच 13 जनवरी से भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम और राउरकेला के बिरसा मुना हॉकी स्टेडियम में खेले जायेंगे।

Tags: Orissa