ऑटोमोबाइल्स के लिए शानदार रहा वर्ष 2022, 38 लाख वाहनों की ऐतिहासिक बिक्री, इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या भी हुई दस लाख के पार

ऑटोमोबाइल्स के लिए शानदार रहा वर्ष 2022, 38 लाख वाहनों की ऐतिहासिक बिक्री, इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या भी हुई दस लाख के पार

31 दिसंबर तक क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों में नए इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीकरण की संख्या 10,03,000 रही

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के बीच साल 2022 देश के वाहन उद्योग के लिए उत्साहजनक रहा है। 2022 में 38 लाख वाहनों की ऐतिहासिक बिक्री हुई है। दूसरी ओर, इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या भी पिछले एक साल में पहली बार 10 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। कंपनियों से मिले आंकड़ों के मुताबिक 2022 में कुल ऑटो बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की 4.70 फीसदी हिस्सेदारी यानी 10.03 लाख की रही है।

इस साल वाहनों की बिक्री ने तीन साल पुराना रिकॉर्ड पार किया

आपको बता दें कि कंपनियों द्वारा डीलरों को भेजे गए वाहनों को कंपनियों द्वारा बिक्री के रूप में माना जाता है। ऐसे में पिछले साल या उसके बाद आर्डर की गई गाड़ियों की उपलब्धता और सेमीकंडक्टर की कमी का दूर हो जाने से इस साल वाहन बिक्री में वृद्धि को मदद मिली है। इससे पहले 2018 में वाहनों की बिक्री का आंकड़ा 33.80 लाख के साथ अब तक का सर्वाधिक था। हालांकि पिछले तीन सालों से कारों की बिक्री में गिरावट आ रही है। दूसरी ओर, देश में वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री के लिए सरकार के प्रोत्साहन के बाद, इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 2022 में एक मिलियन का आंकड़ा पार कर गई है, जो अब तक की सबसे अधिक वार्षिक बिक्री है।

इस साल तीन गुना हुए इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीकरण

सरकार की वेबसाइट वाहन के आंकड़ों के मुताबिक, 31 दिसंबर तक क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों में नए इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकरण की संख्या 10,03,000 थी। 2021 में 3,32,000 की तुलना में 2022 का आंकड़ा तिगुना है। सूत्रों ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा फेम टू योजना और चार्जिंग स्टेशन जोड़ने के कारण इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है। रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तेज वृद्धि ने भी इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति आकर्षण बढ़ा दिया है।